Begusarai News: ’खुला नाला और आवाजाही’, लोक शिकायत में भी हल नहीं, बड़ा हादसा होने के इंतज़ार में ज़िम्मेदार
Begusarai News: बिहार के बेगूसराय ज़िले से सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खोलती एक और तस्वीर सामने आई है। जहां बरौनी नगर परिषद के वार्ड 12 में गंभीर समस्या की वजह से 10,000 से ज़्यादा निवासी प्रभावित हैं। हज़ारों की आबादी प्रभावित होने की सबसे बड़ी वजह कथित तौर 3 फीट के करीब आवाजाही के लिए रास्ता।
ग़ौरतलब है कि यह रास्ता भी नाला के ऊपर से होकर गुज़रता है। सरकारी तंत्र के लापरवाही का आलम तो देखिए कि नाला का ढक्कन पिछले कई महीने से खुला हुआ है। स्थानीय लोग शिकायत कर थक चुके हैं लेकिन जिम्मेदार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। आवाजाही के लिए 3 फ़ीट के करीब जगह आपात स्थितियों में एक बड़ी चुनौती बन जाती है।

मो. मेराज ने बताया कि इस मार्ग की संकीर्णता न केवल दैनिक गतिविधियों को जटिल बना रही है, बल्कि ग्रामीणों की सुरक्षा के मद्देनज़र गंभीर चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों द्वारा दर्ज की गई कई शिकायतों के बावजूद, संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई या विचार-विमर्श नहीं किया गया है।
मो. मेराज ने कहा कि बिहार में सरकारी तंत्र पर सवालिया निशान तो आए दिन लगते रहता है। बड़ा हादसा होने के बाद मुआवज़ा देकर जान की कीमत लगाई जाती है। अगर पहले ही समस्या का समाधान हो जाए तो यह नौबत ही नही आएगी। नाला खुला हुआ है, लोक शिकायत में मामला जाने के बाद भी संबंधित अधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
ऐसा लग रहा है कि स्थानीय प्रतिनिधि और प्रशासन के लोगों को बड़ा हादसा होने का इंतज़ार है, ताकि मुआवज़ा के नाम पर भ्रष्टाचार कर अपनी जेब भरते रहे। वार्ड 12 की स्थिति शहरी नियोजन और सुरक्षा उपायों में गंभीर चूक को दर्शाती है। लोगों की शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से यही लगता है कि शासन और प्रशासन को लोगों के हितों की नहीं पड़ी है।












Click it and Unblock the Notifications