बांकाः नहाने के दौरान डूबने से 4 बच्चियों की मौत, गांव में मचा कोहराम
बांका। बिहार के बांका जिले से बड़ी खबर है। जिले के शंभूगंज प्रखंड अंतर्गत कामतपुर पंचायत के घोषपुर गांव स्थित मंगिया बांध में डूबने से मंगलवार की सुबह 4 बच्चियों की मौत हो गयी। यह हादसा तब हुआ जब ये बच्चियां अन्य सहेलियों के साथ करमा धरमा पर्व को लेकर नहाय खाय के आयोजन के लिए स्नान करने उक्त बांध में गई थीं।जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे ये सभी बच्चियां कामतपुर पंचायत के घोषपुर गांव के समीप स्थित मंगिया बांध में नहाय खाय के लिए स्नान करने गई हुई थीं।

इस क्षेत्र का सुप्रसिद्ध लोक पर्व करमा धरमा के मुख्य आयोजन के एक दिन पूर्व नहाय खाय की प्रक्रिया पारंपरिक रूप से होती है। बांध में नहाने के दौरान 4 बच्चियां किसी प्रकार डूब गईं, जिन्हें निकाला नहीं जा सका और उनकी मौत हो गई। मृतक बच्चियों में प्रमोद यादव की 12 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी, विनेश यादव की 14 वर्षीय पुत्र ताप्ती कुमारी, गोरे लाल यादव की 12 वर्षीय पुत्री नीलू कुमारी एवं अरुण पोद्दार की 10 वर्षीय पुत्री सविता कुमारी शामिल हैं।
इस हादसे के बाद गांव तथा आसपास के इलाके में कोहराम मच गया है। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई है। स्थानीय लोगों के सहयोग से तीनों शव को पानी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पर ओपीध्यक्ष अभिनव कुमार, सीओ पवन कुमार झा, पार्षद प्रतिनिधि पंकज कुमार व रन्टू पाण्डेय आदि घटना स्थल पर पहुंचे।
करमा धरमा अंग क्षेत्र में भाई बहन के रिश्ते को लेकर एक पवित्र पारंपरिक लोकपर्व है। इस दो दिवसीय आयोजन की शुरुआत नहाय खाय के साथ होती है। बुधवार को पर्व का मुख्य आयोजन है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को नहाय खाय की परंपरा पूरी की जा रही है। इसी सिलसिले में सभी बच्चियां मंगिया बांध में नहाने गई थीं। यह बांध कस्बा से बेलसिरा के बीच है जिसमें अथाह पानी संरक्षित है।
सीओ झा ने मृतक के परिजनों को आपदा कोष से चार चार लाख रुपये सहायता राशि मुहैया करने का प्रतिवेदन वरीय अधिकारी को भेजने की बात कही। वहीं, गोविन्दगंज विधायक राजू तिवारी ने मृतक के परिजनों को जल्द से जल्द सरकारी सहायता राशि मुहैया करने का आश्वासन दिया।












Click it and Unblock the Notifications