बिहार: 4 की निर्मम हत्या केस में अपराधियों के साथ पुलिस गठजोड़ आया सामने
पटना। बिहार में कुछ दिन पहले नेशनल प्लेयर सहित चार लोगों की दर्दनाक हत्या का मामला सामने आने के बाद भागलपुर रेंज के डीआईजी विकास वैभव ने पुलिस विभाग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहपुर थाने के सभी कर्मियों को हटाने का आदेश दिया है। दरअसल इस घटना के बाद डीआईजी को गुप्त सूचना मिली थी कि एसएचओ बिहपुर का अपराधियों से सांठगांठ है। दूसरी तरफ बिहपुर पुलिस का एक और कारनामा सामने आया जिसमें जिस युवक की हत्या हो गई थी, उसी के ऊपर मामला दर्ज किया था। इन सभी बातों पर एक्शन लेते हुए डीआईजी ने तुरंत कार्रवाई की और थानेदार को सस्पेंड कर बाकी सभी पुलिसकर्मियों को हटाने का आदेश जारी किया।

पुलिसकर्मियों की लगाई क्लास
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद डीआईजी विकास वैभव नवगछिया पहुंचे जहां पुलिसकर्मियों की जमकर क्लास लगाई। हत्या, लूट, चोरी और दबंगई से नवगछिया पुलिस जिले के लोग नवगछिया को अपराधी जिला कहने लगे थे। नेशनल वॉलीबॉल प्लेयर सहित चार लोगों की हत्या का पर्दाफाश करने के लिए खगड़िया और भागलपुर के चुनिंदा अधिकारियों को मिलाकर एसआईटी टीम बनाई गई जिससे दोनों जिले में ज्वाइंट ऑपरेशन करने और इस हत्याकांड का पर्दाफाश करने में कोई परेशानी नहीं हो।

थानेदार की अपराधियों से सांठगांठ
दूसरी तरफ डीआईजी विकास वैभव को बिहपुर थाना पुलिस और अपराधियों के बीच सांठगांठ की पुख्ता जानकारी मिली और इस जानकारी में ऐसा कहा गया कि थानेदार ने अपराधियों से सांठगांठ के वजह से चार युवक की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को भगा दिया गया। इस मामले में थानेदार से लेकर सभी पुलिसकर्मी शामिल थे।

बिहपुर थाने के सभी पुलिसकर्मी हटाए गए
इस तरह की जानकारी मिलने के बाद डीआईजी ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की और जांच की सत्यता आते ही बिहपुर थाने के एसएचओ को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। बिहपुर थाना की कमान नए इंस्पेक्टर को देते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू की गई। इस दौरान थाने में उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों पर कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाया गया। काम में दोषी पाए जाने वाले और अपराधियों से सांठगांठ रखने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की हिदायत भी दी गई।












Click it and Unblock the Notifications