राजद नेता के हत्यारोपी को लोगों ने पीटा, फिर सीने में मार दी गोली
पटना। एक बार फिर ग्रामीणों के भीड़ का तालिबानी चेहरा सामने आया है। बिहार के सीवान में राजद नेता की हत्या के आरोपी को पुलिस के सामने ही गांव वालों ने पीट पीटकर अधमरा कर दिया और उसी की बंदूक से उसके सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान पहले से वहां मौजूद पुलिस भी तमाशा देखती रह गई और हत्या के बदले हत्या का नारा लगाते हुए आक्रोशित भीड़ ने कुख्यात अपराधी और हत्यारोपी राजा खान को दर्दनाक मौत दी।

मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर देर रात से ही पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ की बात सामने आ रही थी। लगभग 12 घंटे तक चली पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ के बीच अपराधी पुलिस को चकमा देकर भागने के फिराक में लगा हुआ था तभी गांव वालों ने उसे घेर लिया और कानून को हाथ में लेते हुए पुलिस की मौजूदगी मे उसकी जमकर धुनाई करने लगे। पहले तो मारते-मारते उसे अधमरा कर दिया फिर आक्रोशित भीड़ ने हत्या के बदले हत्या का नारा लगाते हुए उसी की बंदूक से उसके सीने में गोली दागना शुरू कर दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मामले की जानकारी देते हुए सिवान के पुलिस अधीक्षक सौरभ शाह ने बताया कि राजा खान की गांव वालों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। हत्या की वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल कायम है। मृतक राजा खान और उसके साथियों ने सिवान के राजद नेता मिन्हाज की हत्या 29 जुलाई को कर दिया था जिसके बाद सिवान की राजनीतिक माहौल काफ़ी गर्म हो गया। इस हत्याकांड में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया लेकिन मुख्य आरोपी राजा खान अभी तक फरार था जिसे रविवार को ग्रामीणों ने पीटते-पीटते मार डाला। राजा खान को शनिवार से ही पुलिस सरेंडर कराने की कोशिश कर रही थी लेकिन वह सरेंडर करने की बजाए गोलीबारी करना शुरू कर दिया था। इसी बीच वह किसी तरह पुलिस को चकमा देकर भागने की फिराक में लगा हुआ था तभी गांव वालों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडे से मारते हुए अधमरा कर दिया तथा उसी की बंदूक से उसको गोली मारकर हत्या कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications