कोरोना महामारी में अनाथ हुए बच्चों की पढ़ाई का सारा खर्च उठाएगी ओडिशा सरकार
ओडिशा सरकार कोरोना महामारी में अनाथ हुए मासूम बच्चों की पढा़ई का सारा खर्च वहन करेगी। महिला एवं बाल विकास विभाग की सलाहकार सुलता देव ने सोमवार को यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर, 14 जून। ओडिशा सरकार कोरोना महामारी में अनाथ हुए मासूम बच्चों की पढा़ई का सारा खर्च वहन करेगी। महिला एवं बाल विकास विभाग की सलाहकार सुलता देव ने सोमवार को यह जानकारी दी। सुलता देव ने कहा कि ऐसे बच्चों को सरकार की ग्रीन पैसेज योजना का भी लाभ दिया जाएगा जिसके तहत मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले छात्रों को आर्थिक सहायता दी जाती है।

ग्रीन पैसेज योजना चिकित्सा, इंजीनियरिंग और अन्य तकनीकी शिक्षा लेने वाले अनाथ बच्चों के एडमिशन, ट्यूशन, परीक्षा और प्रयोगशालाओं की लागत का खर्च वहन करती है। इस स्कीम को नवीन पटनायक सरकार द्वारा 17 मई, 2016 में शुरू किया गया था।
यह भी पढ़ें: कोरोना की नकली दवा बनाने वालों पर नकेल कसने को तैयार ओडिशा सरकार, सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
बता दें कि कोरोना महामारी ने हजारों बच्चों के सिर से उनके मां-बाप का साया छीन लिया। ऐसे बच्चों की मदद के लिए कई राज्य सरकारें आगे आ रही हैं। राजस्थान की गहलोत सरकार ने भी कोरोना में अनाथ हुए बच्चों को 1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके अलावा लखनऊ विश्वविद्यालय ने कोरोना महामारी में मां या पिता अथवा दोनों को खो चुके अनाथ बच्चों की पढा़ई का पूरा खर्च उठाने का फैसला किया है।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों में देश में कोरोना को लेकर हालात काफी बेहतर हुए हैं। कोरोना के मामलों में भारी कमी आई है इसके अलावा कोरोना के मामले तेजी से घट रहे हैं।
पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 70 हजार नए मामले सामने आए हैं। वहीं देश में कोरोना के 10 लाख से भी कम एक्टिव केस बचे हैं। बात अगर ओडिशा की करें तो पिछले 24 घंटे में राज्य में कोरोना के 4,339 नए मामले सामने आए है जबकि इस दौरान 44 लोगों की मौत हो गई। ओडिशा के स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी। नई मौतों के साथ राज्य में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 3,346 पहुंच गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में 3,346 लोग इस संक्रमण से ठीक भी हुए हैं। इसके अलावा राज्य में वर्तमान में कोरोना के 55,923 मामले सक्रिय हैं।












Click it and Unblock the Notifications