मूर्तियों की ऊंचाई कम करने के फैसले पर अडिग ओडिशा सरकार, कहा- ज्यादा ऊंची मूर्तियां लोगों को करती हैं आकर्षित
ओडिशा सरकार ने बुधवार को कहा कि अगर त्योहारों पर भीड़भाड़ होती है तो राज्य को केरल जैसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है, जहां ओणम के बाद कोविड के मामलों में काफी वृद्धि देखी गई।
भुवनेश्वर, 16 सितंबर। त्योहारों पर होने वाली भीड़भाड़ को लेकर चेतावनी जारी करते हुए ओडिशा सरकार ने बुधवार को कहा कि अगर त्योहारों पर भीड़भाड़ होती है तो राज्य को केरल जैसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है, जहां ओणम के बाद कोविड के मामलों में काफी वृद्धि देखी गई। मूर्तियों की ऊंचाई कम रखने के सरकार के फैसले पर चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण निदेशक (डीएमईटी) डॉ. सीबीके मोहंती ने कहा कि मूर्तियों की ऊंचाई का वैसे तो कोरोना के मामलों में वृद्धि से कोई लेना देना नहीं है, लेकिन अधिक ऊंचाई की मूर्तियां और उनकी सजावट लोगों को ज्यादा आकर्षित करती है, जिसकी वजह से पांडालों में भीड़ बढ़ सकती है। इसके अलावा बड़े आकार की मूर्तियां बनाने और उनके विसर्जन के लिए ज्यादा लोगों की जरूरत पड़ती है।

इसलिए भीड़ को कम करने के लिए मूर्तियों के आकार को छोटा करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि लोगों को केरल से सबक लेना चाहिए जहां ओणम के बाद कोरोना के मामलों में भारी वृद्धि हुई। उन्होंने लोगों से आगृह किया कि ओडिशा में संक्रमण की दर काबू में है, हमें तीसरी लहर से बचने के लिए साथ मिलकर काम करना चाहिए। उनकी बातों पर सहमति जताते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. बिजय महापात्रा ने कहा कि आस्था मन में होनी चाहिए और उत्सवों को इस तरह से मनाया जाना चाहिए जिससे की भीड़ भाड़ को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें: यूनिफाइड इमरजेंसी नंबर-112 को कम रिस्पांस टाइम के साथ विश्वसनीय और आसान बनाएं- ओडिशा मुख्य सचिव
इससे हम तीसरी लहर पर काबू कर पाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि परंपरा से बड़ा स्वास्थ्य है। हम महामारी के महत्वपूर्ण चरण के दौरान त्योहारों को मनाते हुए लापरवाही से व्यवहार नहीं कर सकते और बाजारों में भीड़ की अनुमति नहीं दे सकते। यह न केवल हमें जोखिम में डालेगा बल्कि दूसरों के जीवन को भी खतरे में डालेगा।












Click it and Unblock the Notifications