MP News: दतिया में युवक की गोली मारकर हत्या, कार से उतरते ही बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, CCTV में कैद वारदात
MP News: मध्य प्रदेश के दतिया जिले में शनिवार देर रात कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गंज-राजगढ़ मार्ग स्थित पट्ठापुरा मोड़ पर एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने कार से उतरते ही युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कार से उतरते ही घात लगाकर किया हमला
मृतक की पहचान पड़ापुरा निवासी 24 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र रामिलन यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र अपने कुछ दोस्तों के साथ कार से उत्तर प्रदेश के चिरगांव से लौट रहा था। शनिवार रात जैसे ही कार पट्ठापुरा मोड़ के पास रुकी और सुरेंद्र नीचे उतरा, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और उस पर गोलियां चला दीं।
एक गोली सीधे सुरेंद्र के पेट में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। आरोपी फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच के दौरान पुलिस को एक फुटेज हाथ लगा है, जिसमें बाइक सवार आरोपी फायरिंग के बाद भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस फुटेज को पुलिस ने जांच का अहम सबूत माना है।
CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की जांच तेज हो गई है और आरोपियों की पहचान व लोकेशन ट्रेस की जा रही है।
8 नामजद, 4 अज्ञात आरोपियों पर हत्या का केस
पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर इस मामले में 8 नामजद और 4 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।
नामजद आरोपियों में शामिल हैं-
- दिनेश गिरी
- चरण गिरी
- विवेक गुर्जर
- सचिन शर्मा
- हिमांशु कोस्टा
- रिंकू राजा परमार
- उदय राजा परमार
- अभि पंडित
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी आपसी रंजिश सामने आ रही है।
इलाके में दहशत, पुलिस ने बढ़ाई गश्त
घटना के बाद पट्ठापुरा मोड़ और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोगों में भय को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और रात में गश्त बढ़ा दी गई है।
SDOP का बयान: जल्द गिरफ्तारी का दावा
दतिया की SDOP आकांक्षा जैन ने बताया कि यह एक गंभीर आपराधिक घटना है और पुलिस इसे पूरी गंभीरता से ले रही है।
उन्होंने कहा,"आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
सवालों के घेरे में कानून-व्यवस्था
शहर के व्यस्त मार्ग पर सरेआम गोलीबारी की इस घटना ने एक बार फिर दतिया की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा, लेकिन फिलहाल पूरा शहर इस सनसनीखेज हत्याकांड से सहमा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications