Indore News: इंदौर में सास-बहू विवाद ने लिया कानूनी मोड़, पहले नहीं हुई सुनवाई, अब पति-सास-ससुर समेत 4 पर FIR
MP News Indore: शहर के लसूडिया थाना क्षेत्र में सास-बहू के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब गंभीर कानूनी लड़ाई में तब्दील हो गया है। एफआईआर दर्ज नहीं होने से नाराज एक महिला ने जब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, तब जाकर पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के बाद पति, सास-ससुर समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
खास बात यह है कि इस पूरे विवाद में अब तक दोनों पक्षों की ओर से कुल तीन एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद
लसूडिया थाना क्षेत्र के शांति निकेतन इलाके में 14 दिसंबर को हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में बहू को घर से निकाले जाने और मारपीट का आरोप लगाते हुए देखा गया। इसके दो दिन बाद ससुर की शिकायत पर पहले बहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
अब उसी विवाद के दूसरे पक्ष में पुलिस ने नेहरू कुटिया, मालकागंज (दिल्ली) निवासी रूचि शर्मा की शिकायत पर उसके पति नितेश सिंघानिया, ससुर विनोद सिंघानिया, सास कनकलता सिंघानिया और एक अन्य रिश्तेदार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
बहू का आरोप: मारपीट कर घर से निकाला
रूचि शर्मा का आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले हुए विवाद के दौरान ससुराल पक्ष ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की, जिसमें उसे और उसके बेटे को चोटें आईं। उसने बताया कि पहले जब वह थाने पहुंची तो एफआईआर दर्ज नहीं की गई, लेकिन वीडियो वायरल होने और वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत के बाद उसका मेडिकल कराया गया और तब जाकर केस दर्ज हुआ।
ससुर ने भी दर्ज कराई थी एफआईआर
इससे पहले करीब 5 दिन पहले, 70 वर्षीय ससुर विनोद सिंघानिया ने बहू रूचि शर्मा और उसकी बहन के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की एफआईआर दर्ज कराई थी। ससुर का आरोप है कि बहू ने उनकी पत्नी कनकलता और बेटे नितेश के साथ मारपीट की थी, जिसमें कनकलता को गंभीर चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
"टिफिन में सामान रखकर बाहर भेजती है" - ससुर का आरोप
विनोद सिंघानिया ने अपनी शिकायत में कहा था कि बहू जबरन बंगले के एक कमरे में रह रही है और घर के अन्य सदस्यों से लगातार विवाद करती रहती है। उनका आरोप है कि बहू टिफिन में सामान रखकर बाहर भेजती है। इसी बात पर 14 दिसंबर को विवाद बढ़ गया। ससुर का दावा है कि बहू ने सास को सीढ़ियों से धक्का दिया, जिससे उनके सिर, हाथ और पैर में चोट आई। बीच-बचाव करने पर बहू ने बेटे नितेश के हाथ पर काट लिया।
पहले भी दर्ज हो चुकी हैं शिकायतें
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी करीब दो महीने पहले सास कनकलता सिंघानिया ने बहू रूचि शर्मा के खिलाफ जबरन घर में घुसने और कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी।
इतना ही नहीं, रूचि शर्मा ने गाजियाबाद और दिल्ली में भी अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। संपत्ति अधिकार के तहत वह कोर्ट के आदेश पर इंदौर के शांति निकेतन स्थित घर पहुंची थी, जिस पर ससुराल पक्ष ने एसडीएम कोर्ट का रुख किया था।
बाउंसरों से बाहर निकालने का आरोप
रूचि का कहना है कि उसका पति और ससुराल पक्ष बाउंसरों की मदद से उसे घर से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, ससुराल पक्ष इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बता रहा है। नितेश सिंघानिया का परिवार अनाज के कारोबार से जुड़ा है और परिवार में माता-पिता, बहन और नितेश शामिल हैं।
पुलिस जांच में उलझा मामला
फिलहाल लसूडिया पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। लगातार दर्ज हो रही एफआईआर और वायरल वीडियो के कारण यह पारिवारिक विवाद अब कानूनी और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications