स्व सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाकर अंत्योदय के लक्ष्य को हासिल करेगी भाजपा: डॉ मोहन यादव
MP news: सीएम ने कहा कि बीजेपी जिन बातों को लेकर जनता के बीच गई थी, उनमें से अधिकांश लक्ष्य हमारी सरकार ने हासिल कर लिए हैं। अंत्योदय हमारा अंतिम लक्ष्य है। हमारी सरकार 'वसुधैव कुटुम्बकम' के मंत्र पर आगे बढ़ रही है और इसको साकार करने की दृष्टि से यह महत्वपूर्ण है कि हम अपने आसपास के व्यक्तियों को किस तरह सहारा देते हैं? यही हमारी संस्कृति की विशेषता भी है।
अंत्योदय और गरीब कल्याण के लक्ष्यों को हासिल करने में महिला स्व सहायता समूहों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तीकरण के माध्यम से इन लक्ष्यों को हासिल करना चाहती है। ये बात मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने महिला मोर्चा द्वारा आयोजित स्व सहायता समूह और एनजीओ संपर्क अभियान की कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बताए रास्ते पर चल रही हमारी सरकारः डॉ मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि हमारी केंद्र और राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश और दुनिया को यह बताया है कि सरकार क्या होती है ?
उन्होंने कहा कि पहले हमारी सरकार पर हिंदूवादी होने के आरोप लगते थे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने तीन तलाक पर रोक लगाकर इसे गलत साबित कर दिया है। इस बुराई के कारण मुस्लिम बहनों का जीवन नर्क बन जाता था और अपने राजनीतिक लाभ के लिए देश के कई राजनीतिक दल इसे चुपचाप देखते रहते थे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुप्रीम कोर्ट के एक 35 साल पुराने निर्णय जिसमें तीन तलाक को अवैध बताया गया था, को लागू किया और कई मुस्लिम बहनों के जीवन को नर्क बनने से बचा लिया।

बहनों के जीवन में उजाला ला रहे स्व सहायता समूह
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि स्व सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का पवित्र काम हो रहा है, ये समूह बहनों के जीवन में उजाला ला रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार तो बहनों के जीवन को बदलने के लिए काम कर ही रहे हैं, हमारी प्रदेश सरकार भी ऐसे ही प्रयास कर रही है। उज्जैन में एक गारमेंट फैक्ट्री सरकार के प्रयासों से शुरू हुई है, जिसमें सिर्फ 4000 महिला कर्मचारी ही हैं।
उन्होंने कहा कि आज जो स्व सहायता समूह बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए छोटे-छोटे प्रयास कर रहे हैं, कल वो फैक्ट्रियों के संचालन जैसे बड़े काम भी करेंगे। लेकिन हमें षडयंत्रों और दुष्प्रचार से सतर्क रहकर काम करना है। कई ताकतें हमें भटकाना चाहती हैं, बहनों के विकास में रोड़े अटकाना चाहती हैं, हमें लड़ाना और फूट डालना चाहती हैं। हमें इनसे बचते हुए लगातार आगे बढ़ना है।
नेहरू ने कहा था-नहीं फहराने देंगे भगवा, मोदी जी ने हर घर पर फहरा दियाः हितानंद
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि 1951 में जनसंघ की स्थापना हुई थी। उसके बाद कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी अपने लक्ष्यों को लेकर आगे बढ़ती रही। उस समय के प्रधानमंत्री पंडित नेहरू ने कहा था कि हम देश की एक इंच जमीन पर भी भगवा नहीं फहराने देंगे। उनको जवाब देते हुए जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने संसद में ही कहा था कि हम ऐसी मानसिकता को कुचल देंगे। श्री हितानंद जी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में राम मंदिर निर्माण का भाजपा का संकल्प पूरा हो चुका है और 22 जनवरी को हम सभी ने देखा है कि किस तरह से घर-घर पर भगवा लहराया है।












Click it and Unblock the Notifications