सतना: IPL सट्टेबाजी का सरगना हुआ गिरफ्तार
सतना, 6 जुलाई: शहर से आईपीएल सट्टा के सरगना को सतना पुलिस गिरफ्तार किया है। इसके गिरोह के दो गुर्गे पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे। हालांकि यह कामयाबी पुलिस को आईपीएल क्रिकेट बंद होने के बाद मिली है।

सतना पुलिस के मुताबिक आईपीएल सट्टे का नेटवर्क ऑपरेट करने वाले गिरोहों में से एक गिरोह के सरगना जय जिवानी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने उसे सिंधी कैंप के घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया है।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी एसएम उपाध्याय ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर और पत्रकार बन कर आईपीएल सट्टे की बुकिंग करने वाले दीपक कुशवाहा समेत दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके पास से 310580 रु की नगदी, 6 मोबाइल फोन, टीवी, सेट टॉप बॉक्स, स्कूटी और सोने चांदी के जेवरात जब्त किए गए थे।
लेकिन तब गुर्गों की गिरफ्तारी के बाद उनका सरगना जय जिवानी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी छानबीन कर रही थी। इसी बीच खबर मिली कि जय जिवानी सतना में सिंधी अपने घर आया हुआ है। पुलिस ने सूचना की तस्दीक के बाद दबिश देकर जय जिवानी को पकड़ लिया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
उधर पुलिस सूत्रों का कहना है कि सतना और आसपास के जिलों में आईपीएल सट्टा का नेटवर्क ऑपरेट करने वाले सिंडिकेट में जय जिवानी पहला सरगना नहीं है। उसमें कई और नाम भी शामिल हैं। पुलिस को जय जिवानी से पूछताछ में कई और अहम जानकारियां भी मिली हैं और कई नाम भी सामने आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications