रीवा लोकायुक्त की टीम ने ASI को करीब ₹5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, पुलिसकर्मी ने शर्म से छुपाया मुंह
इंदवार थाना की अमरपुर चौकी के ग्राम खलौन्ध निवासी व्यक्ति से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ ASI को रीवा लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप किया।
रीवा,23 सितंबर। मध्य प्रदेश के मुखिया भले ही प्रदेश में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की तमाम कोशिश करें, लेकिन प्रदेश के भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारी आए दिन रिश्वत लेते हुए ट्रैप हो रहे हैं। जिस पुलिस पर भ्रष्टाचारियों को पकड़ने का जिम्मा होता है, वहीं पुलिस के अधिकारी कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार हो रहे। ऐसा ही एक मामला रीवा से सामने आया है जहां रीवा लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक एएसआई को रंगे हाथ करीब ₹5000 की रिश्वत लेते पकड़ा हैं।

उमरिया जिले के इंदवार थाना अंतर्गत आने वाली अमरपुर चौकी के ग्राम खलौन्ध निवासी व्यक्ति से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ ASI को रीवा लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप किया। फरियादी चंदन लोनी ने बताया कि अमरपुर चौकी क्षेत्र में किसी की मछली पकड़ी गई थी तो हमको बुला कर चौकी प्रभारी अमित पटेल और एएसआई सोहन सिंह ने कहा कि तुम्हारी मछली है, पांच हजार रुपये दो केस को रफादफा करो, इसी बात से परेशान होकर हमने इनका सहारा लिया है। हालांकि सोहन सिंह को लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कर लिया है तो वहीं चौकी प्रभारी अमित पटेल गायब है। लोकायुक्त टीम फरियादी और आरोपी दोनों को अपने अभिरक्षा में लेकर कटनी जिले के बरही रेस्ट हाउस में कार्रवाई कर रही है।
लोकायुक्त डीएसपी राजेश पाठक ने बताया कि हमारे पास ग्राम खलौन्ध के चंदन लोनी ने की शिकायत की थी और एसपी साहब द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जो सच निकला। उसी आधार पर ये कार्रवाई की गई है। जिसमें करीब 5 हजार रुपये का लेनदेन हुआ है। इसमें कुल 3 आरोपी हैं। पहले नम्बर पर चौकी प्रभारी अमित पटेल, दूसरे ASI सोहन लाल और तीसरा प्राइवेट आदमी ग्रामीण मोहम्मद सत्तार हैं। चौकी प्रभारी अमित पटेल मौके से गायब हो गए और दो लोग पकड़े गए हैं।
गौरतलब है कि एक तरफ प्रदेश के मुखिया जीरो टॉलरेंस की बात करते हैं वहीं आए दिन उनके नुमाइंदे ट्रैप हो रहे हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि सरकार की कमान ढीली है।












Click it and Unblock the Notifications