राज्यसभा चुनाव 2020 परिणाम : मप्र में BJP ने दो, कांग्रेस ने एक सीट जीती, सपा MLA राजेश शुक्ला निष्कासित
भोपाल। मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव 2020 सम्पन्न हो गए हैं। शुक्रवार को मतदान के बाद शाम को परिणाम घोषित कर दिया गया है। मध्य प्रदेश की कुल 11 में से 3 सीटों के लिए हुए राज्यसभा चुनाव में दो सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस ने जीती है। जीत के बाद दोनों पार्टियों में जश्न शुरू हो गया। भाजपा की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेरसिंह सोलंकी तथा कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह राज्यसभा में पहुंचेंगी। कांग्रेस के दूसरे प्रत्याशी फूलसिंह बरैया चुनाव हार गए हैं।
Recommended Video

किसको कितने वोट मिले
भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया को 56 और सुमेर सिंह सोलंकी को 55 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह को 57 और फूल सिंह बरैया को 36 वोट मिले हैं। भाजपा को दो वोटों का नुकसान हुआ है। गुना से भाजपा विधायक गोपीलाल जाटव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया की जगह क्रॉस वोटिंग की। सुमेर सिंह सोलंकी के पक्ष में दिया गया भाजपा विधायक जुगल किशोर बागड़ी का वोट निरस्त हो गया है। जुगल किशोर रैगांव विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं। कांग्रेस के एक विधायक का वोट भी निरस्त हुआ है।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक शुरू
उधर, कमलनाथ के आवास पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक शुरू हो गई है। जहां पर आगामी विधानसभा उपचुनावों को लेकर रणनीति बनेगी। चुनाव में जाने के लिए किस तरह की तैयारी होगी और कौन सी रणनीति काम करेगी। इस पर चर्चा हो रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस बैठक में शामिल हैं। कांग्रेस प्रभारी व पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक भी मौजूद हैं।

सपा विधायक राजेश शुक्ला निष्कासित
मध्य प्रदेश के बिजावर से सपा विधायक राजेश शुक्ला को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। दरअसल, मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव 2020 में विधायक राजेश शुक्ला ने भाजपा का साथ दिया। शुक्ला ने कहा कि उन्होंने सुमेर सिंह सोलंकी भाजपा प्रत्याशी को वोट दिया है। क्षेत्र के विकास के लिए वे भाजपा प्रत्याशी के साथ हैं। शुक्ला के इस फैसले के बाद सपा ने उनके खिलाफ कार्रवाई की।












Click it and Unblock the Notifications