ध्यान और योग के लिए नहीं भोग के लिए विदेश जाते हैं राहुल गांधी, कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा
राहुल गांधी के पब वाले वीडियो पर मंत्री विश्वास सारंग ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी कहते थे कि वो विदेश जाते हैं ध्यान और योग के लिए, लेकिन वहां जाकर वे भोग कर रहे हैं।
भोपाल, 3 मई। राहुल गांधी के नाइट क्लब में पार्टी करते हुए वीडियो वायरल होने पर प्रदेश और देश में सियासत गरमा गई है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि राहुल गांधी की कलई खुल गई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश में रंग रलिया मनाने जाते थे। राहुल कहते थे कि वो विदेश जाते हैं ध्यान और योग के लिये, लेकिन वहां जाकर वे भोग कर रहे हैं।
Recommended Video

मंत्री सारंग ने आगे कहा कि इसमें कोई आश्चर्य नहीं, यह नेहरू परिवार की संस्कृति रही है। राष्ट्रीय पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष का पब में जाकर लड़कियों के साथ रंगरलियां मनाने से शर्मनाक कुछ भी नहीं हैं।
मंत्री सारंग ने सोनिया गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि इटली की महारानी के बेटे से आप क्या अपेक्षा कर सकते हैं।
मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी के चरित्र पर जमकर हमले किए है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि देश में समस्याएं हैं, क्या उन समस्याओं का डिस्कशन करने वे लड़की के साथ पब गए थे। राहुल गांधी के इस कृत्य ने पूरे देश को शर्मसार किया है।
दरअसल, राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने शेयर किया था। उन्होंने कहा कि 'जब मुंबई हमला हुआ था, तब भी राहुल एक नाइट क्लब में थे। जब उनकी पार्टी में घमासान छिड़ा है, तब भी वह वही हैं, उनमें निरंतरता है।
वीडियो पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने दी सफाई
राहुल गांधी के वायरल वीडियो पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता की सफाई सामने आई है। प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी मित्र देश नेपाल में एक निजी शादी समारोह में हिस्सा लेने गए थे। सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी पीएम मोदी की तरह बिन बुलाए पाकिस्तान के यहां केक काटने नहीं गए थे। उन्होंने कहा कि निजी शादी समारोह में जाना अब तक तो अपराध घोषित नहीं हुआ है। फिर बीजेपी क्यों सवाल खड़े कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications