प्रवीण तोगड़िया ने कहा- BJP के लिए वेकअप कॉल है कर्नाटक विधानसभा चुनाव का नतीजा, मुसलमानों के लिए बने कानून
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर भाजपा को वेकअप करने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने मुस्लिमों को लेकर भी विवादित बयान दिया है।

राजधानी भोपाल पहुंचे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 का परिणाम भाजपा के लिए वेकअप कॉल है। बजरंगबली भी कर्नाटक में भाजपा को बचा नहीं पाए। वहीं उन्होंने मुसलमानों को लेकर भी बड़ा बयान दिया है।
राजधानी भोपाल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने कहां की दो से अधिक बच्चे पैदा करने वाले मुसलमान को 10 साल के लिए जेल में डाल दिया जाए। इसके लिए हम सरकार से मांग कर रहे हैं। वहीं उन्होंने फिल्म द केरल स्टोरी को लेकर कहा कि आगे ऐसी कोई फिल्म भारत में ना बने। यहां एंटी लव जिहाद कानून बने। ऐसी फिल्म बनाकर वाहवाही न लूटी जाए। यह हमारे लिए शर्म की बात है कि हिंदू बहन बेटियों के लिए ऐसी फिल्म बनाई जा रही है।
10 साल के लिए जेल
तोगड़िया ने कहा कि देश में कानून बनाकर दो बच्चों से ज्यादा पैदा करने वालों को सरकारी अनाज, सरकारी स्कूलों और अस्पतालों में मुफ्त सेवा सहित बैंकों से लोन नहीं लेने देंगे। यदि उसके बाद भी कोई मुस्लिम 2 से ज्यादा बच्चे पैदा करता है तो उसको 10 साल के लिए जेल में डालेंगे। तोगड़िया ने ये भी कहा कि हम सरकार पर हिंदुओं का नियंत्रण कायम कराएंगे। हम देश में मुस्लिमों की संख्या बढ़ने नहीं देंगे।
भारत में पीएम, सीएम, जज और डीएम सिर्फ हिंदू ही बने: तोगड़िया
इससे पहले नर्मदा पुरम पहुंचे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने एक विवादित बयान दिया। जिसमें उन्होंने कहा कि हम संविधान में बदलाव करेंगे। तोगड़िया ने कहा कि देश में पीएम, सीएम, जज और डीएम सिर्फ हिंदू ही बने, इसकी व्यवस्था के लिए सरकार पर दबाव डाला जाएगा।
हिंदू जागरण के लिए एक लाख केंद्र
तोगड़िया ने कहा कि राम जन्मभूमि को लेकर हमने सफल आंदोलन किया अब हिंदू जागरण के लिए हमारी टीम काम कर रही है। इसके लिए एक लाख केंद्र देशभर में बनाए जा रहे हैं। इनमें एक करोड़ हिंदू जुड़ेंगे इन केंद्रों की मदद से गरीब हिंदू परिवारों को मुफ्त इलाज की व्यवस्था शिक्षा और कानूनी मदद दी जाएगी तोगड़िया ने कहा कि मैं ऐसे ही कोई बात नहीं कहता हूं। लोग मुझ पर भरोसा करते हैं। मैं कभी जब ऐसी बातें करता था तो भाजपा के दिग्गज नेताओं को हरा देता था। मैंने शंकर सिंह वाघेला को हरा दिया था। वे भाजपा से संसदीय चुनाव लड़ने निकले थे।
प्रवीण तोगड़िया ने दावा करते हुए कहा कि भारत का मतदाता फिर से उनके साथ आ जाएगा हमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री नहीं बनना है हर एक हिंदू का घर सुरक्षित रहें हमें इसके लिए इंतजाम करना है मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनाव में उनके संगठन के इस्तेमाल को लेकर पूछे गए सवाल पर तोगड़िया ने कहा कि हम मशीन नहीं है, जिसका जब चाहे इस्तेमाल किया जा सके। हम सिर्फ हिंदुओं को जागृत करने की राजनीति कर रहे हैं और हमारा संगठन हिंदू हित के लिए काम कर रहा है। कोई भी राजनीतिक पार्टी हमारा इस्तेमाल नहीं कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications