MP News Datia: कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के बहुचर्चित मामले का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
दतिया थाना कोतवाली पुलिस ने लड़की के साथ हुए दुष्कर्म के बहुचर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहना के हनुमान मंदिर के आगे मैन रोड स्थित फॉरेस्ट एरिया का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 दिसम्बर 2025 को फरियादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी लड़की को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जंगल क्षेत्र में ले जाकर मारपीट की गई एवं उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस संबंध में थाना कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दतिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी दतिया के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थानों से 6 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों द्वारा वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई।
जांच के दौरान शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के 500 से अधिक सरकारी एवं निजी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। रूट मैप तैयार कर साक्षियों, दुकानदारों एवं मुखबिरों से पूछताछ की गई। साइबर सेल और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध कमल दांगी पिता भज्जू दांगी, निवासी बुहारा थाना दुरसड़ा, हाल निवास मामा का डेरा के पास दतिया, की पहचान की गई।
पुलिस दबिश के दौरान आरोपी फरार होकर राजकोट (गुजरात) चला गया था। पुलिस ने मुखबिर तंत्र एवं वैज्ञानिक विधियों की सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर राजकोट से उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हीरो पैशन मोटरसाइकिल, घटना के समय पहने गए कपड़े एवं जैकेट जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की पूछताछ जारी है।












Click it and Unblock the Notifications