Bhopal News: मोदी सरकार ने पिछले 9 साल में ग्यारंटी के नाम पर जनता से झूठ बोला, पूर्व महापौर विभा पटेल का बयान
मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने पिछले नौ साल में जनता से किए वादों के नाम पर सिर्फ धोखा किया है। वे बेलगाम मंहगाई, बढ़ती बेरोजगारी, किसानों, महिलाओं की समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए मोदी जी केवल नए-नए सपने दिखाते हैं, उनके तमाम वादों की न कोई वारंटी है और न ही कोई गारंटी।
विभा पटेल ने कहा कि नई गारंटी की बात करने के पहले नौ साल में विभिन्न वादों की गारंटियों का मोदी जी जनता के बीच हिसाब दें। उन्होंने कहा कि 2 करोड़ नौकरी हर साल देने की गारंटी झूठ निकली है। देश में तेजी से बेरोजगारी बढ़ी लेकिन युवाओं को रोजगार मुहैया नहीं कराया गया। किसानों की आय दोगुनी करने की गारंटी एक धोखा साबित हुई।

पिछले नौ साल में किसान की आय तो बढ़ी नहीं, वही आसमान को छूते खाद-बीज के दामों ने किसानों की कमर तोड़ दी। मोदीजी ने वर्ष 2013-14 में 100 दिन में महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन बेलगाम महंगाई पर मोदी जी काबू नहीं पा सके। नतीजतन जीवन उपयोगी रोजमर्रा और खाद्य वस्तुओं के दाम अपना इतिहास बना रहे हैं, यह है मोदी गारंटी।
विभा पटेल ने कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान की गारंटी भी सफेद झूठ निकली। मप्र अन्य प्रदेशों की तुलना में महिला अत्याचार में सबसे आगे हैं। ऐसे ही 100 शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने का दावा किया था लेकिन नौ साल गुजरे। किसी भी शहर का कोई एक वार्ड भी स्मार्ट नहीं हो सका। न ही नागरिकों को बुनियादी प्रबंध के नाम पर स्मार्ट सुविधाएं मिली। "न खाऊंगा न खाने दूंगा" की गारंटी तो सबसे बड़ा मजाक बनी हुई है। अकेले मप्र में पोषण आहार घोटाला, व्यापम, पटवारी परीक्षा, नर्सिग परीक्षा, पुलिस आरक्षक परीक्षा आदि ने उनके भ्रष्टाचार के सच को जनता के सामने ला दिया।
विभा पटेल ने कहा कि उज्जवला योजना फ्लाप रही तो पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें मोदी जी के वादे की हकीकत बता रही है। अब जनता मोदीजी और भाजपा से प्रभावित नहीं होगी। इनके नारे और झूठे वादों का जवाब देश की जनता लोकसभा चुनाव में देगी।












Click it and Unblock the Notifications