MP NEWS: BJP नेता वीडी शर्मा बोले, राहुल गांधी के मामले में झूठ बोलकर देश को गुमराह कर रही कांग्रेस
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने के बाद कांग्रेस द्वारा लगातार जारी विरोध प्रदर्शन को लेकर एमपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।

राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता रद्द होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर मध्य प्रदेश में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की संसद की सदस्यता समाप्त करने का फैसला लोकसभा अध्यक्ष ने लिया है और कानून एवं विधि के अनुसार लिया है। झूठ बोलना कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं की आदत है और इस मामले में भी कांग्रेस झूठ बोलकर देश को गुमराह करना चाहती है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी को सजा देने का फैसला अदालत का है, जो कानून के अनुसार दिया गया है। कानून के अनुसार यह व्यवस्था है कि यदि किसी भी जनप्रतिनिधि को दो वर्ष या उससे अधिक की सजा होती है, तो उसकी सदन की सदस्यता समाप्त कर दी जाती है। यह नियम सभी पर लागू होता है, फिर चाहे वह राहुल गांधी हों, या कोई और। लोकसभा अध्यक्ष जी ने इसी आधार पर राहुल गांधी की संसद की सदस्यता समाप्त करने का फैसला किया है, जो कि पूरी तरह से संविधान सम्मत है।
राहुल पर दर्ज हो देशद्रोह का मुकदमा
VD शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त करने का फैसला लोकसभा स्पीकर का है और इससे भाजपा या पीएम मोदी का कोई लेना देना नहीं है। लेकिन जैसी कि कांग्रेस की आदत है, वह इस मामले में भी झूठ बोलकर देश को गुमराह करना चाहती है। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है, देश का मान-सम्मान बढ़ रहा है, यह बात कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी को हजम नहीं हो रही। इसीलिए राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत को बदनाम करते हैं। वो कहते हैं कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। उन्हें देश को ये बताना चाहिए कि जब कानून अपना काम कर रहा है, तो इसमें लोकतंत्र की हत्या कहां से आ गई? श्री शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस तरह विदेशों में देश को बदनाम करने का काम किया है, देश के खिलाफ जहर उगला है, उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा भी दर्ज होना चाहिए।
बता दे कि एमपी में युवा कांग्रेस राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने से काफी आक्रोशित है। राजधानी भोपाल में आज युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोक दिया। जिसके बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथों लिया है।












Click it and Unblock the Notifications