पारिवारिक कोर्ट में 89 साल के बुजुर्ग ने कहा कि चिकचिक करने वाली पत्नी को छोड़ सकता हूं लेकिन शराब नहीं
भोपाल। मध्यप्रदेश के भोपाल के पारिवारिक कोर्ट में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां एक बुजुर्ग महिला ने अपने भरण-पोषण के लिए आवेदन किया था। इसके जवाब में कोर्ट पहुंचा बुजुर्ग महिला के 89 वर्षीय पति ने कहा कि वह अपनी पत्नी से ज्यादा शराब से प्यार करता है। इस कारण वह अपनी पत्नी को छोड़ सकता है, शराब को नहीं। बुजुर्ग पति का ये जवाब सुनकर हर कोई हैरान रह गया।

बुजुर्ग पति ने कहा- शराब नहीं छोड़ सकता
इस मामले में जब जज ने दोनों की काउंसलिंग कराई तो यह पता चला कि बुजुर्ग महिला अपने पति के साथ रहने से इनकार कर रही है। जब महिला से इसका कारण पूछा गया तो उसने बताया कि उसका पति शराब पीकर मारपीट करता है। कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायधीश आरएन चंद ने जब बुजुर्ग पति से शराब छोड़ने को कहा तो उसने कहा कि चिकचिक करने वाली पत्नी को छोड़ सकता हूं, लेकिन शराब को नहीं।

पत्नी ने लगाया मारपीट का आरोप
इसके बाद जब जज ने पति से पेंशन में से पत्नी के भरण-पोषण के लिए 10 हजार रुपये देने की बात कही तो उसने तुरंत हामी भर दी। कोर्ट के काउंसलर ने बताया कि महिला द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया है कि उसका पति पीएचई में नौकरी करता था। लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद से मिल रही पेंशन के सारे पैसे शराब पर खर्च कर देता है। साथ ही उसके साथ मारपीट और गाली गलौच करता है।

बुजुर्ग ने कहा शराब मरने पर ही छूटेगी
इस मामले में जब बुजुर्ग से कहा गया कि वह शराब छोड़ दे तो उनका जवाब था कि जीवन भर शराब को हलक में उतारा है। अब शराब नहीं छोड़ सकता। अगर शराब छोड़ दूंगा तो मर जाऊंगा। उन्होंने बताया कि पहले दो बार शराब छोड़ने की कोशिशकी, लेकिन बीमार पड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। अब तो शराब तब ही छूटेगी जब मौत होगी।












Click it and Unblock the Notifications