दतिया में बदमाशों का दुस्साहस: चौकीदारों को खंभों से बांधा, 765 केवी ट्रांसमिशन लाइन साइट से ढाई लाख की चोरी
Datia News: जिले में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब देश की अहम बिजली परियोजनाएं भी सुरक्षित नहीं रहीं। ग्राम डोंगरपुर क्षेत्र में भारत सरकार की 765 केवी विद्युत ट्रांसमिशन लाइन परियोजना की साइट पर बीती देर रात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज़ में वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।
देर रात करीब 5 से 6 अज्ञात बदमाश ट्रैक्टर से साइट पर पहुंचे, जहां उन्होंने वहां तैनात चौकीदारों को जान से मारने की धमकी देकर पहले काबू में लिया और फिर रस्सियों से खंभों के सहारे बांधकर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने बेखौफ होकर साइट पर रखा कीमती सामान ट्रैक्टर में भरा और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

1:30 बजे शुरू हुई वारदात, चौकीदार बने बेबस गवाह
जानकारी के अनुसार ग्राम डोंगरपुर क्षेत्र में ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। रात में सुरक्षा व्यवस्था के तहत चौकीदारों की तैनाती की गई थी। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय मारखल ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे बदमाश ट्रैक्टर लेकर साइट पर पहुंचे।
बदमाशों ने अचानक हमला बोलते हुए चौकीदारों को चारों ओर से घेर लिया। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और फिर खंभों से रस्सियों के सहारे बांध दिया गया। चौकीदार असहाय स्थिति में बदमाशों की हरकतें देखते रहे और कुछ भी कर पाने में असमर्थ रहे।
औजार, केबल और जरूरी सामग्री पर हाथ साफ
बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने साइट पर रखा महंगे औजार, केबल से जुड़ा सामग्री और अन्य जरूरी उपकरण ट्रैक्टर में भरना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में बदमाश करीब ढाई लाख रुपये कीमत का सामान लेकर मौके से फरार हो गए।वारदात के दौरान बदमाश पूरी तरह बेखौफ नजर आए, जिससे साफ है कि उन्होंने पहले से रेकी कर रखी थी।
किसी तरह छुड़ाया खुद को, तब खुला राज
बदमाशों के जाने के बाद काफी मशक्कत के बाद चौकीदारों ने खुद को रस्सियों से मुक्त कराया और तुरंत कंपनी अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। घटना से जुड़े वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर गोराघाट थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरी गए सामान की सूची और घटनास्थल के आसपास के इलाकों में जांच-पड़ताल कर रही है।
SDOP बोले- जल्द गिरफ्त में होंगे बदमाश
इस पूरे मामले पर एसडीओपी विनायक शुक्ला ने बताया कि ट्रांसमिशन लाइन साइट पर हुई चोरी और चौकीदारों को बंधक बनाने की घटना बेहद गंभीर है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि वायरल फोटो और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इलाके में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस सनसनीखेज वारदात के बाद डोंगरपुर सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों और कंपनी कर्मचारियों के बीच डर बना हुआ है, वहीं इतनी बड़ी केंद्रीय परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।फिलहाल पुलिस लगातार दबिश दे रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही इस दुस्साहसिक वारदात का खुलासा किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications