MP News : युवाओं के सुझावों पर बनाई जाएगी यूथ पॉलिसी, भविष्य में मिलेगा फायदा- CM शिवराज सिंह चौहान
रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में सीएम शिवराज ने ब्यूरोक्रेसी को आईना दिखाया। उन्होंने कहा कि कई बार वल्लभ भवन (सचिवालय) में मुझे अच्छी-अच्छी पिक्चर्स दिखाई दी जाती है, लेकिन कई बार हकीकत में वैसा नहीं होता।

भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित 'सुशासन समागम' कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान एक अलग अंदाज में नजर आए। दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज ने इस कार्यक्रम में युवाओं को एक मोटिवेशनल स्पीकर की तरह स्पीच दी और उनके सवालों के जवाब भी दिए। सीएम शिवराज ने कहा किनए सिरे से वर्तमान चुनौतियों को समेटते हुए एक नई यूथ पॉलिसी बनाई जाएगी। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर यूथ पॉलिसी घोषित होगी। यह यूथ पॉलिसी सरकार नहीं, प्रदेश के युवा बनाएंगे। इस दौरान सीएम ब्यूरोक्रेसी को आईना भी दिखाया। उन्होंने कहा कि कई बार वल्लभ भवन (सचिवालय) में मुझे अच्छी-अच्छी पिक्चर्स दिखाई दी जाती है, लेकिन कई बार असलियत में वैसा नहीं होता।

योजनाएं बनाना सरल है पर पात्र हितग्राही तक वह पहुचाना कठिन : CM
यंग प्रोफेशनल वार्षिक कॉन्क्लेव 'सुशासन समागम' में CM शिवराज ने युवाओं से कहा कि लोकतंत्र जनता का, जनता के लिए, जनता द्वारा शासन है। समाज के हर वर्ग के लिए अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं सरकार बनाती है। लेकिन सिस्टम इतना बड़ा है कि योजनाएं बनाना सरल है पर पात्र हितग्राही तक वह पहुंच जाए, ये बहुत कठिन है। जनता के कष्ट को देखकर उसे दूर करने के लिए मैंने योजनाएं बनाई। ऐसा नहीं रहा कि मैंने दफ्तर में बैठकर योजनाएं बना दी। लाडली लक्ष्मी योजना, कन्या विवाह व तीर्थदर्शन जैसी अनेक योजनाएं भी मैंने इसी आधार पर बनाने का काम किया। मेरा सपना था कि मध्यप्रदेश की धरती पर बेटी जन्म लेगी, तो लखपति होगी। अब यह सपना मेरा साकार हो चुका है। यह बताते हुए मुझे खुशी है कि प्रदेश में आज 43 लाख से अधिक लाडली लक्ष्मी बेटियां, लखपति बेटियां हैं।

यूथ पॉलिसी बनाई जाएगी
सीएम शिवराज ने कहा कि योजनाओं की मॉनिटरिंग सरकारी तंत्र के बाहर से भी की जाए, ताकि उचित लोगों तक निश्चित समयसीमा में लाभ पहुंचे इसलिए मुझे लगा कि युवा ऊर्जा का उपयोग किया जाए। इसके लिए हमने सीएम फेलोज बनाएं। हम लगातार युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते कार्य कर रहे हैं। वर्तमान चुनौतियों को देखते हुए अब हमने तय किया है कि यूथ पॉलिसी बनाई जाएगी और यह पॉलिसी हमारे युवा बेटे-बेटियों के सुझावों के आधार तैयार होगी। यदि पर्यावरण इसी तरह बिगड़ता रहा, तो धरती रहने योग्य नहीं रह जाएगी।

युवाओं के बल पर सुशासन को 100% जमीन पर ला कर रहूंगा : CM Shivraj
सीएम ने कहा कि 19 फरवरी, 2021 को अमरकंटक में पौधे रोपे और यह सिलसिला आज तक लगातार जारी है। आप सबसे अनुरोध है कि प्रत्येक शुभ अवसर पर पौधे अवश्य रोपें। मेरे पिताजी मुझे डॉक्टर बनाना चाहते थे, लेकिन मैंने मन में सोचा कि डॉक्टर बनकर कितने लोगों का भला कर सकूंगा? इसलिए मैंने जनसेवा का व्रत लिया। अपने लिये जीये, तो क्या जीये! जी ऐ दिल, तू जमाने के लिए। दूसरों के लिए जीने से जिंदगी सार्थक हो जाती। मुझे पूरा विश्वास है कि इन युवाओं के बल पर मैं जनता के लिए सुशासन को 100% जमीन पर ला कर रहूंगा।

व्यक्ति जैसा सोचता है, वैसा बन जाता है : CM शिवराज
सीएम शिवराज ने कहा कि व्यक्ति जैसा सोचता है, वैसा बन जाता है। आपने लक्ष्य निर्धारित कर लिया और उसे प्राप्त करने का रोडमैप बना लिया। उस रोडमैप पर आप अनुशासन एवं मेहनत के साथ चले, तो सफलता निश्चित है। योजनाएं अनेकों हैं पर उनका लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस परिस्थिति में एक ऐसी व्यवस्था तैयार करना कि जिससे लोगों को सही समय पर बिना किसी कठनाई के लाभ मिल पाए। इसके लिए हमने सीएम जनसेवा अभियान चलाया। जनकल्याण के अनेकों काम हमे करवाने हैं। अनेकों योजनाओं का नीचे तक क्रियान्वयन हमे करवाना है।इसलिए हमने सीएम जनसेवा मित्र बनाने का फैसला किया है।

G-20 को लेकर पीएम मोदी की तारीफ
G-20 को लेकर पीएम मोदी की तारीफ करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि मैं गर्व से भरा हुआ हूं, देश का माथा उन्नत है, सीना चौड़ा है। पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में G20 की अध्यक्षता भारत को मिली है। मध्यप्रदेश को भी G-20 की 7 बैठकें करने का सुअवसर प्राप्त हुआ हैं। सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश की संस्कृति, यहां की परंपरा, जीवन मूल्य कैसे पूरी दुनिया में जाए, इसके लिए सरकार प्रयास कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications