मुख्यमंत्री शिवराज की बड़ी घोषणा, मध्यप्रदेश में गांव-गांव के अंदर तक चलेंगी बसें, लटककर जाने की जरूरत नहीं
विदिशा में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब प्रदेश में गांव-गांव के अंदर तक बस चलेंगी। लोगों को लटककर जाने की जरूरत नहीं है।
भोपाल, 26 मई। आगामी 2023 विधानसभा को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार प्रदेश के अलग-अलग जिलों में समीक्षा बैठक कर, विकास कार्यों को गति प्रदान कर रहे हैं। इसी क्रम में आज सीएम शिवराज ने कागपुर, जिला विदिशा से 'ग्रामीण परिवहन सेवा' का शुभारंभ किया। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि एक नई सौगात मध्यप्रदेश को कागपुर से मिल रही है। सड़कें तो बन गईं लेकिन बस नहीं चलतीं।

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि अंदर के क्षेत्रों में भी गांव-गांव तक बस चलेगी, जनता को लटककर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आज मैं खुशी के साथ कहता हूं, मोदी जी के नेतृत्व में हमने कोरोना से लड़ाई में सफलता प्राप्त की है।
उन्होंने कहा कि संजय सागर बांध से प्लांट लगाएंगे, बांध के पानी को पाइप लाइन बिछाकर 165 गांव में पानी देंगे। 208 करोड़ 94 लाख की यह योजना है। अब दिक्कत नहीं आएगी। पूरे क्षेत्र का कल्याण हो जाएगा। बेटियों को भी पानी के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी, कागपुर वासियों को मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं, अन्य गांवों में भी विकास का काम चल रहा है। हमने योजना बनाई कि इन सभी रास्तों पर बस जो चलाएंगे, उनके घाटे की पूर्ति के लिए तय किया है कि बस चलाओ, घाटे की पूर्ती सरकार करेगी, बसों को चलाने हम हर माह आपको पैसा देंगे, ताकि बसें प्रोफिट में रहें, और ग्रामीण क्षेत्र की जनता बसों में अच्छी तरहर आ जा सके।
ग्रामीण परिवहन सेवा
सीएम शिवराज ने कहा कि ग्रामीण परिवहन सेवा विदिशा धरती से ही प्रारंभ हो रही है। तकनीकी दृष्टि से जो भी संभव होगा हम देखेंगे। वहीं पेयजल को समस्या को लेकर उन्होंने कहा कि जहां पानी नहीं पहुंच रहा, तो स्टाफ डेम की सीरीज बनाकर वहां भी पानी देंगे। आगे भी मैं आश्वस्त करता हूं बचे हुए गांव में कहीं ना कहीं से पानी लाकर देंगे
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सीएम ने कहा कि 83 हजार 719 मकान विदिशा जिले में बनेंगे, सबको पक्का मकान बनाने पैसा दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications