Bhopal News: भोपाल में बड़ी कार्रवाई, उड़ीसा से गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
Bhopal News: भोपाल में क्राइम ब्रांच को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। टीम ने उड़ीसा से भोपाल में गांजा सप्लाई करने वाले चार तस्करों को रंगे हाथों धर दबोचा। ये सभी आरोपी एमपी नगर जोन-1 में यश बैंक के सामने सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे बैठे ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।
पुलिस ने मौके से 15 किलो 160 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है।

गुप्त सूचना से खुली तस्करी की परत
क्राइम ब्रांच को इस गोरखधंधे की भनक विश्वसनीय मुखबिर से मिली। जैसे ही सूचना मिली कि चार संदिग्ध व्यक्ति गांजे से भरे थैले लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं, थाना प्रभारी अशोक मरावी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर एक विशेष टीम गठित की। टीम ने सादे कपड़ों में पहुंचकर आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा।
पेड़ के नीचे 'मंडी' बना रखी थी तस्करों ने
बताया जा रहा है कि तस्कर बड़े इत्मीनान से बैंक के सामने पेड़ के नीचे बैठे थे। उनके पास प्लास्टिक के थैले थे, जिनमें गांजा पैक कर रखा गया था। पुलिस को देखकर जब वे संभलने लगे तो टीम ने फुर्ती दिखाते हुए चारों को दबोच लिया।
आरोपियों ने कबूला - उड़ीसा से लाकर भोपाल में बेचने आए थे गांजा
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अर्जुन कुचबंदिया (19) और लक्ष्मण कुचबंदिया (25) दोनों निवासी हरदा, सूरज कुचबंदिया (35) निवासी रायसेन और नर्मदा कहार उर्फ छोटे (27) निवासी रायसेन के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लेकर आए थे और भोपाल में इसे फुटकर में बेचने की योजना थी।
गिरोह में मजदूर से लेकर हलवाई तक शामिल
तस्करों में दो मजदूर, एक हलवाई और एक पुरानी कपड़ों का व्यापारी शामिल है। इससे साफ है कि यह गिरोह पेशेवर अपराधियों से अलग दिखने की कोशिश कर रहा था ताकि शक न हो।
गांजा बेचने की फिराक में थे, पुलिस ने सख्ती से दबोचा
क्राइम ब्रांच प्रभारी अशोक मरावी ने बताया कि चारों आरोपी भोपाल में पहले भी आ चुके हैं और यहां नशे के नेटवर्क को मजबूत करने की फिराक में थे। पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से गांजा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनका नेटवर्क भोपाल में कहां-कहां फैला हुआ है और इनके संपर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
सादे कपड़ों में की गई थी कार्रवाई
पुलिस टीम में शामिल सभी सदस्य सादे कपड़ों में थे ताकि तस्करों को कोई भनक न लगे। टीम में उप निरीक्षक इरशाद अंसारी, अजीज खान, एएसआई चंद्रमोहन मिश्रा, रामकुमार गौतम सहित 12 पुलिसकर्मी शामिल थे। योजना के तहत पहले इलाके की घेराबंदी की गई और फिर एक-एक कर चारों को दबोच लिया गया।
आगे और गिरफ्तारियां संभव
क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां-कहां सप्लाई किया जाना था और भोपाल में इसके खरीदार कौन थे। पुलिस को शक है कि यह गिरोह नशे के बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications