चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर भोपाल में होगा 'यूथ महापंचायत' का आयोजन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय में आयोजित बैठक के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर भोपाल में यूथ महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।
भोपाल,14 जुलाई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि युवाओं में नेतृत्व का विकास करने की दिशा में 'यूथ महापंचायत' का आयोजन किया जा रहा है। इसके सार्थक परिणाम लाने के लिए कोई कमी नहीं रहने दी जाए। नए विचारों एवं सुझावों से इस दिशा में कार्य किया जाए। युवा स्टार्टअप की विभिन्न गतिविधियों से भी जुड़ सकें इसके लिए प्रयास किए जाएं। मुख्यमंत्री चौहान आज मंत्रालय में राज्य स्तरीय 'यूथ महापंचायत' की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आत्म-निर्भर एवं स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण में युवाओं की सहभागिता अधिकाधिक हो। उन्होंने 'यूथ महापंचायत' में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 'यूथ महापंचायत' का उद्देश्य शहीद चंद्रशेखर आजाद की विरासत को आगे बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश के उत्साही युवाओं को साथ लाकर एक मंच प्रदान करना है, जिससे वे राज्य, देश और दुनिया की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों की पहचान कर हरसंभव समाधान सुझाएं। प्रत्येक जिले से चुने गए आदर्श युवा प्रतिनिधियों और उनके संरक्षकों के पारस्परिक संवाद के इस दो दिवसीय आयोजन से आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के विजन में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास होगा। साथ ही युवाओं में नेतृत्व कौशल भी विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश के युवा बेटे-बेटियों से प्रदेश के गौरव शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर होने वाली राज्य स्तरीय 'यूथ महा पंचायत' में भाग लेकर राष्ट्र और समाज की उन्नति में सहभागी बनने का आहवान किया है। उन्होंने युवाओं से कहा कि अपनी योग्यता का उपयोग कर आत्म- निर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।
संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्री रवि गुप्ता ने बताया कि शहीद चंद्रशेखर आजाद की 116वीं जयंती पर भोपाल में आगामी 𝟐𝟑 एवं 𝟐𝟒 जुलाई 𝟐𝟎𝟐𝟐 को राज्य स्तरीय 'यूथ महापंचायत' होगी। सभी जिलों में होने वाली यूथ पंचायत से चयनित आदर्श युवा और उनके प्रेरक शामिल होंगे। इसके रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 𝟏𝟓 जुलाई है। इसके बाद प्रतिभागियों के चयन के लिए स्क्रीनिंग की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications