Bhopal News: अयोध्यानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डिलीवरी बॉय बनकर चोरी करने वाले 3 शातिर नकबजन गिरफ्तार, खुलासा
Bhopal News: भोपाल के थाना अयोध्यानगर पुलिस ने नकबजनी और वाहन चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार घटनाओं का खुलासा करते हुए लगभग साढ़े चार लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है।
पकड़े गए तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में पहले से ही कई संगीन अपराध दर्ज हैं। खास बात यह है कि ये आरोपी रेपीडो और जोमेटो जैसी नामी डिलीवरी कंपनियों में काम करते थे और इसी काम की आड़ में सुनसान इलाकों की रेकी कर चोरी और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

नगरीय क्षेत्र भोपाल में बढ़ते वाहन चोरी, नकबजनी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त भोपाल हरिनारायणचारी मिश्र (IPS) और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी (IPS) के निर्देश पर सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-02 विवेक सिंह (IPS) के सतत निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त गौतम सोलंकी के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त एमपी नगर संभाग मनीष भारद्वाज (IPS) के मार्गदर्शन में थाना अयोध्यानगर पुलिस ने यह अहम सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी निरीक्षक महेश लिल्हारे के नेतृत्व में गठित टीम ने तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर नकबजनी और वाहन चोरी की चार घटनाओं का पर्दाफाश किया।
घटना का खुलासा
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब फरियादी प्रशांत तिवारी ने 21 जनवरी 2026 को थाना अयोध्यानगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अयोध्यानगर क्षेत्र स्थित सुरम्य परिसर, क्वीन मेरी स्कूल के सामने उनकी कंपनी का काम चल रहा था, जहां रोड किनारे बने अस्थायी स्टोर रूम से चैंबर में लगाए जाने वाले धातु के बड़े कैप चोरी हो गए थे। चोरी गए कैप का वजन करीब 500 किलोग्राम था। शिकायत पर थाना अयोध्यानगर में अपराध क्रमांक 36/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों का हुलिया चिह्नित किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने अयोध्यानगर फेस-5 पुलिया के पास से तीन आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने नकबजनी और वाहन चोरी की वारदातों को स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए चैंबर के चार बड़े कैप और पिपलानी व हबीबगंज थाना क्षेत्र से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी और नकबजनी को जरिया बनाते थे। रेपीडो और जोमेटो में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते हुए वे शहर के अलग-अलग इलाकों में बेरोकटोक घूमते थे और सुनसान स्थानों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों में राजा पाल, कुनाल उर्फ यश प्रधान और राहुल बाल्मीकी उर्फ अजय शामिल हैं, जिनके खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बरामद मशरूका में रोड किनारे बनाए जा रहे चैंबर के चार बड़े धातु कैप और तीन मोटरसाइकिलें (दो हीरो स्प्लेंडर और एक होंडा साइन) शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे, उपनिरीक्षक सुदील देशमुख, प्रधान आरक्षक अमित व्यास, बृजेश सिंह, राजेन्द्र राजपूत सहित थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।












Click it and Unblock the Notifications