दलित की बारात रोक कर दुल्हन के लूट लिए जेवर, दूल्हे को भी जमकर पीटा
भिंड मे डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद के बाद दलित की बारात रोक कर दूल्हे के साथ की गई मारपीट और दुल्हन के जेवर लूटे
भिंड, 10 जुलाई। भिंड में दलित की बारात को रोक कर दुल्हन के साथ लूट की गई और दूल्हे के साथ मारपीट की गई। नई नवेली दुल्हन बारातियों के साथ अपनी ससुराल जा रही थी लेकिन घात लगाए बैठे बदमाशों ने बारात को रोककर ना केवल दुल्हन के सामने दूल्हे को जमकर पीटा बल्कि दूल्हे के सामने उसकी नई नवेली दुल्हन के जेवर तक लूट लिए। पूरा मामला मालनपुर इलाके का है।

ग्वालियर से आई थी ग्राम बड़वारी में बारात
ग्वालियर के लाल टिपारा इलाके से मुरैना जिले के ग्राम बड़वारी में बारात पहुंची थी। यहां राखी जाटव की शादी हो रही थी। बारात में बाराती नाच रहे थे और झूम रहे थे। बारात में जमकर डीजे भी बज रहा था। लड़की पक्ष के लोग बारातियों की आवभगत में लगे हुए थे। शांतिपूर्वक तरीके से शादी हो रही थी।
डीजे बजाने को लेकर हो गया विवाद
शादी में डीजे भी बज रहा था। डीजे बजाने को लेकर बड़वारी गांव के ही गिर्राज, डोला और अजय गुर्जर का बारातियों से विवाद हो गया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने जैसे तैसे विवाद को शांत कराया। दुल्हन बनी राखी जाटव इस विवाद को देखकर काफी डर गई थी।
बदमाशों ने बारात को रास्ते में घेरा
शादी ठीक-ठाक ढंग से संपन्न हो गई। इसके बाद बाराती नई नवेली दुल्हन को लेकर ग्वालियर के लिए रवाना हो गए। जैसे ही बारात मालनपुर पहुंची तो यहां सरकारी हॉस्पिटल के सामने घात लगाकर बैठे गिर्राज गुर्जर, डोला गुर्जर और अजय गुर्जर ने दलित की बारात को रोक लिया और बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
दूल्हे को पीटा और दुल्हन के लूट लिए जेवर
बदमाशों ने डीजे को लेकर हुए विवाद का बदला मालनपुर में लिया। बारातियों को बदमाशों ने जमकर पीटा। बीच-बचाव करने आए दूल्हे के साथ भी जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं नई नवेली दुल्हन राखी के गहने तक बदमाशों ने लूट लिए और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
लुटे पिटे बाराती पहुंच गए थाने
अपने साथ हुई घटना की जानकारी देने के लिए पूरी बारात मालनपुर थाने पहुंच गई। यहां बारातियों ने पुलिस को अपनी शिकायत दर्ज कराई। हालांकि 3 घंटे तक बारातियों को पुलिस स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। 3 घंटे तक पुलिस ने बारात की फरियाद नहीं सुनी लेकिन जब बारातियों ने हंगामा करना शुरू किया और दुल्हन तक बेहोश हो गई तो पुलिस के कान खड़े हुए और पुलिस ने दुल्हन की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।
डकैती समेत अन्य धाराओं में किया गया मामला दर्ज
मालनपुर थाना पुलिस ने नई नवेली दुल्हन राखी जाटव की शिकायत पर से गिर्राज गुर्जर, डोला गुर्जर और अजय गुर्जर के खिलाफ धारा 323, 341, 427, 34, 394 एससी एसटी एक्ट और डकैती अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।












Click it and Unblock the Notifications