भिंड में आंगनबाड़ी में बांट दिया गया एक्सपायरी डेट का टेक होम राशन
भिंड के अटेर इलाके की आंगनबाड़ी केन्द्रों पर एक्सपायरी डेट का टेक होम राशन का कर दिया वितरण
भिंड, 6 अगस्त। भिंड में आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक्सपायरी डेट का टेक होम राशन वितरण कर दिया गया है। खास बात यह रही कि यह टेक होम राशन आंगनबाड़ी केंद्र पर आने वाले बच्चों और गर्भवती महिलाओं को वितरित किया गया है। मामले की जानकारी जब अधिकारियों को हुई तो इस पूरे मामले पर जांच बैठा दी गई है।

अटेर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरित किया गया टेक होम राशन
अटेर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक्सपायरी डेट का टेक होम राशन वितरण करने का मामला सामने आया है। अटेर क्षेत्र के भीमपुरा, सांगली, रानी बिरगवां और सकराया इलाके की आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक्सपायरी डेट का टेक होम राशन वितरित किया गया है। आंगनबाड़ी केंद्र पर आने वाले बच्चों और गर्भवती महिलाओं को यह राशन वितरित किया गया है।
मामला सामने आने पर मच गया हड़कंप
जब टेक होम राशन का वितरण किया गया तो इस पर किसी ने गौर नहीं किया, लेकिन जब राशन लोगों के घरों में पहुंच गया तब लोगों की नजर पैकेट पर अंकित एक्सपायरी डेट पर पड़ी, जिसके बाद इस बात का खुलासा हुआ कि वितरित किया गया टेक होम राशन एक्सपायरी डेट का है।
राशन के पैकेट के ऊपर लिखी है 19 अप्रैल 2022 की एक्सपायरी
टेक होम राशन के तहत जो पैकेट वितरित किए गए हैं उन पैकेट पर एक्सपायरी डेट 19 अप्रैल 2022 लिखी हुई है। इसका मतलब एक्सपायर होने के 3 महीने बाद इस राशन का वितरण किया गया है जिसे लेकर मामले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अधिकारियों ने कही कार्रवाई की बात
जब यह मामला मीडिया के संज्ञान में आया और इस बारे में अधिकारियों से भी बातचीत की गई तो अटेर क्षेत्र के महिला बाल विकास के सीडीपीओ राहुल गुप्ता का कहा कि यह बहुत ही गंभीर लापरवाही है और इस पूरे मामले की जांच करवाई जाएगी जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अटेर इलाके में पहले भी किया जा चुका है एक्सपायरी डेट के राशन का वितरण
अटेर इलाके में एक्सपायरी डेट का राशन वितरण करने का यह पहला मामला नहीं है, तकरीबन 3 साल पहले भी अटेर इलाके में एक्सपायरी डेट का राशन वितरण किया गया था। उस समय एक्सपायरी डेट के राशन वितरण में दूध के पाउडर के पैकेट भी शामिल थे, लेकिन एक बार फिर से लापरवाही बरतते हुए एक्सपायरी डेट का राशन वितरण करने का मामला सामने आया है, जिससे इस बात का मालूम चलता है कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर कितनी लापरवाही बरती जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications