भिंड:घर के बाहर टहल रही थी बुजुर्ग महिला, स्कूल बस ने कुचला
भिंड में डीपीएस स्कूल की बस से कुचलकर हुई बुजुर्ग महिला की मौत, भीड़ ने की स्कूल बस में तोड़फोड़
भिंड, 29 सितम्बर। भिंड में घर के बाहर टहल रही एक बुजुर्ग महिला को गुरुवार की सुबह स्कूल बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने स्कूल बस का पीछा किया और स्कूल में पहुंचकर स्कूल बस में तोड़फोड़ कर दी। हालांकि स्कूल बस का ड्राइवर भीड़ के हाथ नहीं लग सका। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

डीपीएस स्कूल की बस से हुआ हादसा
डीपीएस स्कूल की बस भिंड शहर की 17 बटालियन में स्कूली बच्चों को लेने के लिए पहुंची थी। यहां सुशीला नाम की 70 साल की बुजुर्ग महिला अपने घर के बाहर टहल रही थी तभी बुजुर्ग महिला कोई स्कूल बस ने कुचल दिया जिससे बुजुर्ग महिला सुशीला देवी की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

घटना के बाद गाड़ी लेकर फरार हो गया ड्राइवर
स्कूल बस से कुचलकर बुजुर्ग महिला की मौत के बाद स्कूल बस का ड्राइवर बस को दौड़ाकर 17 बटालियन से निकल भागा और सीधा डीपीएस स्कूल पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि ड्राइवर काफी स्पीड से स्कूल बस चला रहा था इसलिए हादसा हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि डीपीएस स्कूल की बस का ड्राइवर प्रतिदिन स्कूल बस को बहुत ही स्पीड में चलाता है।

भीड़ ने स्कूल पहुंचकर स्कूल बस में की तोड़फोड़
हादसे के बाद भीड़ ने एकजुट होकर डीपीएस स्कूल में पहुंचकर स्कूल में रखी बस में तोड़फोड़ कर दी। इसके साथ ही बस ड्राइवर की तलाश की जाने लगी हालांकि बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इस दौरान स्कूल में बच्चे भी मौजूद थे। भीड़ द्वारा तोड़फोड़ और हंगामा किए जाने की वजह से बच्चे भी दहशत में रहे।

घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचा पुलिस बल
बुजुर्ग महिला की मौत और उसके बाद में हंगामे की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। सबसे पहले पुलिस ने 17 बटालियन में बुजुर्ग महिला के शव को उठाकर तुरंत पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही हंगामा कर रही भीड़ को भी नियंत्रित किया।












Click it and Unblock the Notifications