मंडप से बहाना बनाकर फरार हुए दूल्हे को दुल्हन ने 20 Km. पीछा कर धर दबोचा, फिर हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
जब एक प्रेमी जोड़े की शादी मंदिर में हो रही थी, तो दूल्हा फेरों से पहले ही दुल्हन को मंडप में छोड़ कर फरार हो गया। जिसके बाद दुल्हन ने उसका 20 Km तक पीछा किया और एक बस में बैठे हुए पकड़ लिया।

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक प्रेमी जोड़े की शादी के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसे देख हर कोई हैरान रह गया। शादी के मंडप में दुल्हन सज-संवरकर कर बैठी रह गई और दूल्हा अचानक मौके से गायब हो गया। लेकिन जब मंडप में काफी देर तक इंतजार करने के बाद उसे जानकारी मिली कि दूल्हा भागने की तैयारी में है, तो दुल्हन मंडप से उठकर दूल्हे को पकड़ने निकल गई। करीब 20 किलोमीटर दूर तक पीछा करने के बाद दुल्हन ने बस में बैठे दूल्हे को धर दबोचा।

मंदिर में हो रही थी प्रेमी जोड़े की शादी, दूल्हा हुआ फरार
जानकारी के मुताबिक बरेली के पुराना शहर की रहने वाली एक युवती का बीते ढाई साल से बदायूं जनपद के बिसौली निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के संबंधों की जानकारी जब युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने बदनामी के डर से दोनों की शादी कराने का फैसला किया। इसके बाद रविवार को बरेली के एक मंदिर में युवती के परिवार वालों की मौजूदगी में शादी करने की तैयारियां की गईं।
Recommended Video

20 Km पीछा कर दुल्हन ने दूल्हे को पकड़ा
शादी के लिए मंडप सजाया गया और युवती को तैयार कर फेरे लेने के लिए मंदिर में लाया गया। लेकिन दूल्हा बने प्रेमी का अचानक दिमाग घूम गया। वह प्रेमिका से खुद को सजने-संवरने और अपनी मां को बुलाने की बात कहकर मंडप से चला गया। जब काफी देर तक दूल्हा वापस नहीं लौटा तो दुल्हन को अटपटा लगने लगा। उसने दूल्हे को फ़ोन किया तो उसने बताया कि वह अपनी मां को बुलाने बिसौली जा रहा है। बस फिर क्या था दुल्हन फ़ौरन उठी और उसका पीछा करने निकल पड़ी। जिसके बाद दुल्हन ने करीब 20 किमी पीछा कर दूल्हे को भमोरा में एक बस में बैठे हुए पकड़ लिया। काफी देर तक दोनों के बीच सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। इसके बाद मंदिर में दोनों की शादी कराई गई।












Click it and Unblock the Notifications