बरेली: जमातियों को तलाशने गई पुलिस टीम पर हमला, भीड़ ने की चौकी जलाने की कोशिश
बरेली। देशभर में चल रहे लॉकडाउन के बीच उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस पर भीड़ का हमला हुआ है। इस हमले में एएसपी अभिषेक वर्मा चोटिल हो गए। एक सिपाही भी घायल है। हमले के बाद हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, जमात से लौटे लोगों को तलाशने और लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस टीम करमापुर चौधरी गांव गई थी।

करमापुर चौधरी गांव की घटना
इज़्ज़तनगर के करमापुर चौधरी गांव में पहुंची पुलिस ने लॉकडाउन तोड़कर गलियों में घूम रहे लोगों को रोका तो वे भड़क गए। उनको पुलिस चौकी लाया गया तो वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने पुलिस पर हमला कर चौकी को जलाने की कोशिश की। इसके बाद कई थानों की पुलिस, एएसपी अभिषेक वर्मा और एसपी सिटी रविन्द्र कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सर्च अभियान चलाया। कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

उपद्रवियों ने किया पुलिस पर हमला
एएसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि जमातियों की तलाश में और लॉकडाउन का पालन कराने के लिए इज्जतनगर पुलिस टीम गई थी। गांव में कुछ लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर इधर-उधर घूम रहे थे। जब उनको रोका गया तो वे आक्रोशित हो गए। उनको पुलिस चौकी पर लाया गया तो ग्राम प्रधान तसव्वुर खां के कहने पर भीड़ आ गई और चौकी फूंकने की कोशिश की। पुलिस फोर्स ने उनको खदेड़ा। गिरफ्तार लोगों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी। अन्य उपद्रवियों की तलाश की जा रही है।

उपद्रवियों को बख्शेंगे नहीं: एसपी सिटी
एसपी सिटी रविन्द्र कुमार का कहना है कि उपद्रवियों को किसी भी हालत में बख्शा नही जाएगा। उपद्रवियों को ऐसी सजा दी जाएगी कि कभी वो पुलिस पर हमला करने की नहीं सोचेंगे। कई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हमले के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है और ड्रोन से भी निगरानी हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications