बाराबंकी: दलित किशोरी की हत्या, रेप की आशंका, सपा ने कहा- योगी जी आपको बेटियों की हाय लगेगी
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले में बुधवार एक दलित किशोरी का शव खेत में पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि रेप के बाद किशोरी की हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। उधर, इस मामले में विपक्षी दल प्रदेश की योगी सरकार को घेरने में जुट गए हैं। सपा प्रवक्ता और एमएलसी सुनील सिंह साजन ने कहा, 'आपको बेटियों की हाय लगेगी योगी जी और यही हाय आप को बर्बाद कर देगी।
Recommended Video

खेत में धान काटने गई थी किशोरी
बाराबंकी के सतरिख थाना क्षेत्र में 17 साल की एक दलित किशोरी बुधवार को खेत में धान काटने गई थी, लेकिन देर शाम तक भी वह घर नहीं लौटी। जब काफी देर हो गई तो पिता बेटी की तलाशते हुए खेत पहुंचा, जहां उसका शव देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जानकारी मिलते ही आसपास खेत में काम रहे लोग मौके पर पहुंचे। घटना से किशोरी के घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी अधिकारियों को दी। प्रभारी एसपी आरएस गौतम, एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार पांडेय, सीओ सदर रामसूरत सोनकर व सीओ सिटी सीमा यादव मौके पर पहुंची।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों ने जांच की और परिजनों से पूछताछ के बाद किशोरी के शव को देर रात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी एसपी आरएस गौतम ने बताया कि संदिग्ध हालात में खेत में किशोरी का शव मिला है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सपा ने योगी सरकार पर किया हमला
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता और एमएलसी सुनील सिंह साजन ने कहा कि योगी जी बाराबंकी में दिल दहलाने वाली जो घटना हुई है उसके लिए भी प्रदेश की बेटियां आपको माफ नहीं करेंगी। बाराबंकी में दलित बेटी का शव मिला है, जिन परिस्थितियों में शव मिला है उससे लगता है कि हत्या से पहले दुष्कर्म हुआ है। सुनील सिंह साजन ने कहा, 'योगी आदित्यनाथ जी आपका राज तो रावण राज से भी खराब है। रावण राज में कम से कम सीता मैया सुरक्षित तो थीं। योगी जी आपके राज में न सीता (बहन-बेटियां) सुरक्षित हैं, न सबरी सुरक्षित हैं, न गीता, ना सरस्वती और ना ही दुर्गा सुरक्षित हैं। आप कर क्या रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications