नमाज के दौरान हनुमान चालीसा बजाने पर भड़के लोग, दुकानदार की जमकर पिटाई, 6 लोगों पर केस दर्ज
कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित नगराथपेट में एक दुकानदार की लोगों ने पिटाई कर दी। मुकेश नाम के दुकानदार ने आरोप लगाया कि दूसरे समुदाय के लोगों ने उसकी इसलिए पिटाई की क्योंकि नमाज के दौरान वह दुकान में हनुमान चालीसा सुन रहा था।
इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह घटना रविवार को नगराथपेट शहर के सिद्दन्ना लेआउट इलाके में हुई। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दुकानदार अपनी टेबल पर बैठा हुआ है और बाहर कुछ लड़के भीड़ लगाकर उससे बहस कर रहे हैं। इसके बाद एक लड़के को दुकानदार का कॉलर पकड़ते हुए देखा जा सकता है जिसके बाद लड़ाई तेज हो जाती है।
फिर दूसरा आदमी भी दुकानदार को मारता है, जिसके बाद वह दुकान से बाहर निकल जाता है। इसके बाद लड़ाई हिंसक हो जाती है, लोग बारी-बारी से दुकानदार की पिटाई करते हैं और उसे लातें भी मारते हैं। मारपीट थमने के बाद लोग तितर-बितर हो जाते हैं और दुकानदार खून से सना हुआ मुंह लेकर दुकान पर लौटता है।
बेंगलुरु पुलिस ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सिद्दन्ना लेआउट के पास रविवार शाम 'अज़ान' के समय एक दुकानदार और कुछ लोगों के बीच बहस हो गई। वह दुकानदार जोर से गाना बजा रहा था, जिस पर कुछ मुस्लिम युवकों ने उसे टोका तो बहस शुरू हो गई। इसके बाद उन्होंने दुकानदार को पीट दिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना रविवार शाम नगराथपेट में हुई, जहां 6 लोगों के एक ग्रुप ने एक दुकानदार पर हमला कर दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ये लोग उससे पैसे मांगते थे, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया। इसी का बदला लेने के लिए उन्होंने उसकी दुकान पर बजाए जा रहे भक्ति गीत पर आपत्ति जताते हुए उसके साथ मारपीट की।'
पीड़ित को इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया है। वहीं आरोपियों पर हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी, उकसावे, खतरनाक तरीकों से चोट पहुंचाने और स्वेच्छा से चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है।
बेंगलुरु पुलिस ने कहा कि हलासुरू गेट पुलिस क्षेत्र में एक एफआईआर दर्ज की गई है और आरोपियों की पहचान सुलेमान, शाहनवाज, रोहित, ज्ञानीश और तरुणा के रूप में हुई है। डीसीपी सेंट्रल ने कहा कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीसीपी सेंट्रल ने कहा, "हम पूछताछ कर रहे हैं। दुकानदार पर हमला करने वाले समूह में हिंदू और मुस्लिम दोनों शामिल थे।"












Click it and Unblock the Notifications