BJP विधायक के आरोपों से आहत बैरिया तहसीलदार ने डीएम को लिखा पत्र, कही ये बात
Ballia News in Hindi: बलिया। खबर उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से है, यहां बैरिया तहसीलदार शिव साहर दुबे ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर 'खुद को पद से हटाने और संपूर्ण सेवाकाल में हासिल की गई संपत्ति की जांच कराने का आग्रह किया है।' दरअसल, बैरिया तहसील के तहसीलदार शिवसागर दुबे ने पत्र में कहा है कि बैरिया क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र सिंह ने गुरुवार सुबह फोन कर उन्हें 'भ्रष्टाचारी' कहा। इस बात वो आहत हुए है। तहसीलदार ने कहा कि वह तोहमत लेकर सेवानिवृत्त नहीं होना चाहते हैं।

दुबे ने पत्र में कहा कि वह विधायक के आरोप से बहुत आहत हैं और करीब 31 वर्ष के सेवाकाल में किसी ने भी उनके साथ ऐसा बर्ताव नहीं किया था। उन्होंने पत्र में लिखा, 'तहसीलदार एक महत्वपूर्ण पद है जिसमें भ्रष्टाचार करने का मौका है। इसलिए उन्हें ऐसे पद पर तैनाती दे दी जाए, जहां भ्रष्टाचार करने का कोई अवसर ही ना हो।' तहसीलदार ने पत्र में जिलाधिकारी से यह भी अनुरोध किया है कि वह उनकी संपत्ति की जांच करा लें और अगर कहीं से भी लगे कि उन्होंने भ्रष्टाचार किया है तो उन्हें अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी जाए। उन्हें 2021 में रिटायर होना है, वह तोहमत लेकर सेवानिवृत्त नहीं होना चाहते हैं।
दबाव बनाने के लिए लिखा पत्र: सुरेंद्र सिंह
उधर, बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने बैरिया के तहसीलदार आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी गलत कारगुजारियों के कारण सरकार की बदनामी हो रही है और समाज में अशांति फैलने की आशंका बढ़ती जा रही है। सिंह ने कहा कि तहसीलदार ने भरतछपरा गांव में दो माह पहले राजस्व विभाग द्वारा भूमि की पैमाइश के बाद गाड़े गए पत्थरों को बिना किसी नोटिस के निकलवा कर फेंक दिया जिससे इलाके में अशांति की आशंका बढ़ गई है। विधायक ने कहा कि उन्होंने तहसीलदार को समझाया था, लेकिन उन्होंने दबाव बनाने के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिख दिया है।












Click it and Unblock the Notifications