जेल से आकर चाचा-चाची को दे दी मौत, भतीजे को प्यारी थी 25 बीघा जमीन
Bahraich news, बहराइच। यूपी के बहराइच में हुए एक हत्या के मामला का खुलासा हुआ है। जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर में चार दिन पूर्व हुई बुजुर्ग दंपति की गला रेतकर हुई हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर मृतक दंपति के भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण 25 बीघा जमीन बताई जा रही है।

एसपी डॉ.गौरव ग्रोवर ने बताया कि रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी मोहन गिरि (70) पुत्र भरोसे व उनकी पत्नी चंद्रावती (65) की धारधार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मृतक दंपति के पास लगभग 25 बीघा जमीन थी। जांच पड़ताल में इस बात का खुलासा हुआ कि इस जमीन पर मोहन गिरी के नशेड़ी भतीजे जगन्नाथ पुत्र अनुराग गिरि की नजर थी। एसओ ने बताया कि जमीन को हड़पने के लिए जगन्नाथ ने कई बार अपने चाचा को प्रताड़ित भी किया था।
एसओ ने बताया कि हत्यारोपित सजायाफ्ता भी है। इस दौरान मृतक मोहन ने कुछ जमीन अपनी पत्नी के नाम बैनामा भी कर दिया था। बची जमीन का बैनामा कराने के लिए वह पैसा बटोर रहा था। इसी दौरान सजा पूरी करने के बाद जब जगन्नाथ जेल से बाहर आया तो उसे यह बात नागवार गुजरी। पूछताछ के दौरान हत्यारोपित ने पुलिस को बताया कि अगर जमीन उसके चाची के नाम हो जाती तो उसे नहीं मिल पाती, इसलिए उसने अपने चाचा और चाची की गला रेतकर हत्या कर दी। थाना प्रभारी मधुप नाथ मिश्रा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल रवाना कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications