Azamgarh Accident: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बांस लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में जा घुसी बोलेरो, 5 लोगों की मौत
आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर शनिवार की देर रात सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई। वह इस घटना में गंभीर रूप से घायल एक महिला को उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।

Azamgarh Accident: आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 3 महिलाओं समेत कुल 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर स्टोन नंबर 213 के समीप लखनऊ से गाजीपुर की तरफ जा रही एक बोलेरो आगे-आगे चल रहे बांस लदी ट्रैक्टर ट्राली में घुस गई। बोलेरो में देवरिया जनपद के रहने वाले लोग सवार थे और घटनास्थल पर ही 5 लोगों की मौत हो गई।
इस हादसे में किरन नामक 40 वर्षीय एक महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। घायल किरण को रात में ही जिला अस्पताल में पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी में उपचार के लिए रेफर कर दिया।
एसपी सिटी शैलेंद्र लाल द्वारा बताया गया कि मृतकों के शव को कब्जे में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम से संबंधित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर रूप से घायल एक महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया था वहां से उसे वाराणसी रेफर किया गया है।
एसपी सिटी के अनुसार पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर शनिवार की देर रात अहरौला थाना क्षेत्र के खदारामपुर गांव के समीप स्टोन नंबर 213 के पास रात करीब 11:30 यह हादसा हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि घटना में मरने वाले सभी लोग देवरिया जनपद के मंडुआडीह के रहने वाले हैं। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दिया गया है।
इन लोगों की हुई है मौत: मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस दुर्घटना में 45 वर्षीय कैलाश पुत्र अच्छेलाल, 43 वर्षीय दुक्खी पुत्र प्रभु, 40 वर्षीय गुड्डू पत्नी छोटेलाल, 38 वर्षीय नीतू पत्नी कैलाश और 11 वर्षीय रानी पुत्री विनोद कुमार की मौत हुई है जबकि 40 वर्षीय कीड़ा नामक एक महिला गंभीर रूप से घायल है जिन्हें उपचार के लिए वाराणसी भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications