UP News: सांड की बेरहमी से पिटाई, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देख भड़के लोग, मामला दर्ज
UP News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद से एक शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक सांड को कुछ लोग बेरहमी से मारपीट रहे हैं। लोगों द्वारा लाठी डंडे और बल्लम से सांड को मारा जा रहा है।
सांड की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों द्वारा सांड के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। वहीं इस मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।

यह पूरा मामला अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के सुदनपुर गांव का बताया जा रहा है। गांव में एक पानी टंकी की बाउंड्री है। इस बाउंड्री में एक सांड को घेर कर रस्सी से बांधकर लोगों द्वारा बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान वहां पर मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया।
वीडियो बनाने वाले द्वारा सांड की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो में दिखाई दे रहा है की रस्सी से बांधकर सांड को तीन लोग लाठी डंडे से पीट रहे हैं। इतना ही नहीं हाथ में बल्लम लिए एक शख्स द्वारा सांड़ पर बल्लम से भी वार किया जा रहा है।
मामले की जानकारी होने के बाद अमरोहा देहात थाने की पुलिस द्वारा चौकी प्रभारी को सूचना दी गई। नन्हेड़ा चौकी प्रभारी द्वारा अमरोहा देहात थाने में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
पुलिस द्वारा यह भी बताया गया कि घायल सांड अभी तक नहीं मिला है इसके अलावा आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। गांव वालों से पूछताछ की गई है अभी तक कोई भी शख्स इस बारे में कोई जानकारी नहीं दिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications