बकरी की जान बचाने के लिए युवक ने दांव पर लगाई अपनी जिंदगी, कुएं से निकली लाश
अमेठी। यूपी के अमेठी में एक बकरी को बचाने के लिए युवक ने अपनी जान की बाजी लगा दी लेकिन आखिर में वो हार गया। बकरी कुएं में गिर गई थी और उसे बचाने के लिए युवक कुंए में कूद गया जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सूचना के बाद प्रशासन ने रात में शव को बाहर निकाला। घंटों की मशक्कत के बाद सुबह शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

जिले के शुकुल बाजार थाना अंतर्गत हरखुमऊ में बीती रात करीब 9 बजे बकरी कुएं में गिर गई। बकरी की जान बचाने के लिए नीरज(20) पुत्र सरजू प्रसाद पासी कुएं में कूद गया। कुआं काफी गहरा होने के कारण नीरज अपनी जान नहीं बचा सका। इसकी खबर पुलिस और प्रशासन को दी गई। रात 9 बजे से ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर शव निकालने के लिये प्रयास करती रही।
रातभर जद्दोजहद के बाद कामयाबी नहीं मिली। काफी मेहनत के बाद युवक के शव को सुबह में निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications