पीठासीन अधिकारी को पीटने वाले भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री दीनानाथ भास्कर के खिलाफ वारंट जारी
प्रयागराज। बीते लोकसभा चुनाव के दौरान पीठासीन अधिकारी से मारपीट करने के मामले में भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री दीनानाथ भास्कर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उनपर दर्ज मुकदमे की पत्रावली प्रयागराज की सांसद विधायक स्पेशल कोर्ट आ गई है और स्पेशल कोर्ट ने विधायक के विरूद्ध वारंट जारी कर दिया है। गौरतलब है कि 12 मई को मतदान के दौरान पीठासीन अधिकारी से मारपीट करने के मामले में डीएम भदोही ने विधायक दीनानाथ भास्कर पर मुकदमा दर्ज कराया था और अब इसी मुकदमे में सुनवाई का क्रम शुरू हो गया है।

क्या है पूरा मामला
बीते लोकसभा चुनाव के दौरान 12 मई को भदोही जिले के औराई विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 359 पर मतदान की प्रक्रिया चल रही थी। लसभड़ा मतदान केंद्र पर तैनात पठासीन अधिकारी राधेश्याम ने आरोप लगाया कि बीजेपी के औराई से विधायक दीनानाथ भास्कर बूथ के अंदर घुस आये और उनसे गाली गलौज के साथ मारपीट की। जिससे मतदान की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई। इस दौरान होमगार्ड विनोद पांडेय ने बीच बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट की गयी और उन्हे भी चोटें आईं। घटना को संज्ञान में लेते हुए डीएम भदोही ने विधायक व उनके समर्थकों के विरूद्ध कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे की अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी। मुकदमे पर सुनवाई स्पेशल कोर्ट के जज पवन कुमार तिवारी कर रहे हैं।
कौन हैं दीनानाथ भास्कर
मौजूदा भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे हैं और बसपा सरकार में मंत्री भी रहे। बाद में यह पार्टी छोड़कर सपा में चले गए और 2015 में इन्होंने बीजेपी ज्वाइन कर ली। तब से यह बीजेपी में ही हैं और बीते विधानसभा चुनाव में औराई से बीजेपी के टिकट पर विधायक चुने गए हैं। दीनानाथ को मंत्री पद दिये जाने की भी अटकलें लगाई गई थीं, लेकिन वह योगी सरकार में मंत्री नहीं बनाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications