प्रियंका गांधी के ट्वीट के बाद अलीगढ़ पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे आलाधिकारी, जांच के बाद आरोपों पर कहा...
अलीगढ़। रविवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अलीगढ़ पोस्टमॉर्टम हाउस के बारे में ट्वीट करते हुए आरोप लगाया कि वहां भारी अव्यवस्था है जिसकी जांच करने प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रियंका ने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि मृतक के परिजन यह बोल रहे हैं कि बर्फ की सिल्ली के लिए उनसे पैसे वसूले गए। इसके बाद प्रियंका ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए लिखा कि कोरोना काल में सरकार के दावों के बावजूद भारी दुर्दशा की खबरें आ रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमॉर्टम हाउस में सभी चीजें ठीक हैं। सिर्फ एक चैंबर खराब था जिसको ठीक कराया गया है।

Recommended Video
जांच के बाद अधिकारियों ने क्या कहा?
प्रियंका गांधी के ट्वीट के बाद एडीएम सिटी, अपर सिटी मजिस्ट्रेट और सीएमओ अलीगढ़ पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। सीएमओ अलीगढ़ भानु प्रताप सिंह ने कहा कि दुर्दशा के बारे में सूचना मिली थी जिसके बाद हमलोगों ने वहां जाकर व्यवस्था का जायजा लिया।

सीएमओ ने बताया कि पोस्टमॉर्टम हाउस में बॉडी रखने के लिए डीप फ्रीजर है जिनमें छह चैंबर हैं। उनमें छह बॉडी को रखने की व्यवस्था है। इन छह में से पांच चैंबर ठीक काम कर रहे थे। एक फ्रीजर खराब था जिसको तत्काल ठीक करा लिया गया। अभी सभी चैंबर काम कर रहे हैं।

बर्फ की सिल्ली के लिए पैसे वसूली के आरोप
प्रियंका गांधी ने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए बर्फ की सिल्ली के लिए पैसे उगाही करने का आरोप लगाया था। इस पर जवाब देते हुए सीएमओ ने कहा कि वहां सारी व्यवस्थाएं ठीक मिली हैं। वहां अटेंडेंट से हमलोगों ने बात की तो पैसे मांगे जाने की कोई सूचना नहीं मिली है। शव के पोस्टमॉर्टम में हो रही देरी के आरोप पर सीएमओ ने कहा कि कोरोना संदिग्ध की जांच रिपोर्ट आने में समय लग जाता है जिस वजह से देरी होती है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम हाउस में बाकी सभी चीजें संतोषजनक पाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications