अंधविश्वास: सगे बुआ-फूफा ने चढ़ा दी 3 साल के मासूम की बलि, 4 लड़कियों के बाद बेटे की थी इच्छा
4 लडकियां होने के बाद बेटे की इच्छा में एक 3 साल के मासूम को मौत के घाट उतार दिया गया। तांत्रिक के चक्कर में बच्चे की बलि दे दी गई। वहीं अब पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने तालाब के पास से शव को खोदकर निकाला है।

उत्तर प्रदेश के अलीगढ में फिर एक मासूम अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र की भेंट चढ़ा दिया गया। 3 साल के बच्चे की तांत्रिक विद्या के तहत सगे बुआ फूफा ने बलि चढ़ा दी। पीड़ित पिता द्वारा आरोप लगाया गया है कि मासूम की बुआ के 4 बेटी है और बेटा कोई नहीं है, जिसके चलते 3 साल के बच्चे की बलि दे दी है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर बच्चे का शव जमीन से खोदकर निकाला है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

2 फुट ऊंचाई से गिरकर बच्चे की मौत, हत्या की आशंका
दरअसल, अलीगढ के गांधी पार्क थाना इलाके के डोरी नगर का रहने वाला 3 साल का नितेश अपनी बुआ के यहां मडराक थाना इलाके के मुकुंदपुर गांव गया हुआ था। बच्चे के चाचा हरिओम ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार की रात को 1:00 बजे मेरे पास फोन आया कि वह गिर गया है। मैंने जब मौके पर पहुँच के देखा तो बच्चा कूलर के सामने पड़ा हुआ था। उसकी सांस थम चुकी थी, लेकिन मई फ़ौरन ही उसे लेकर अस्पताल भागा। जहां डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। डॉक्टर ने बताया था कि बच्चे के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे, जबकि बच्चा केवल 2 फुट की ऊंचाई से गिरा था।

आरोपी फूफा की हैं 4 बेटियां, बेटे की थी इच्छा
बच्चे के परिजनों का कहना है कि बच्चे की हत्या हुई है, यह पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र का मामला है। उनका कहना है कि उनकी बहन की 3 बेटियां थी और बेटा कोई नहीं था। जिसके चलते वह तांत्रिक के पास आते जाते थे। इस बार तांत्रिक ने बोला था कि अबकी बार बेटा होगा, लेकिन उनकी चौथी भी लड़की हो गई। जिसके बाद तांत्रिक ने उनका दिमाग फेल कर दिया और उनसे एक बच्चे की नरबलि देने को कहा। इसी कारण बच्चे की हत्या की गई है।

डेड बॉडी को तालाब से निकाला, होगा पोस्टमार्टम
वहीं पीड़ित पिता द्वारा आज एसएसपी कलानिधि नैथानी को लिखित में शिकायत की गई जिसके बाद एक्टिव हुई पुलिस ने बच्चे की डेड बॉडी को तालाब के किनारे से निकालकर पोस्टमार्टम हाउस के लिए भेज दिया है। उनका कहना है कि उन्हें अपने बहनोई पर शक है। वही बताएंगे कि क्या हुआ है। उनका कहना है कि 2 फीट की ऊंचाई से कोई बच्चा गिर कर नहीं मर सकता। गिरेगा भी तो उसके मुंह पर लगेगी, पूरे शरीर पर चोट के निशान नहीं आएंगे।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications