Agra police Viral Video: फ़िल्मी अंदाज में दरवाजा तोड़कर बचाई शख्स की जान, खून से लतपत पड़ा था युवक
आगरा से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी कभी लातों से तो कभी सिलेंडर से दरवाजा तोड़ते नजर आ रहे हैं। दरअसल, ये किसी फिल्म का सीन नहीं है बल्कि आगरा पुलिस के जवान एक शख्स की जान बचाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसने घरेलु विवाद के बाद अपनी नस काट कर खुद को कमरे में बंद कर लिया था।
बता दें कि यह पूरा मामला आगरा के शाहगंज अंतर्गत सराय ख्वाजा चौकी क्षेत्र का है। यहां मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत्त अपनी पत्नी और माँ से मारपीट कर रहा था। इस दौरान उसने खिड़की में हाथ मारकर उसके कांच से खुद को घायल भी कर लिया है और कमरे में खुद को बंद कर लिया है। अगर जल्द उसे अस्पताल नहीं ले जाया गया तो उसका बचना मुश्किल है।

मिनटों में तोड़ दिया दरवाजा
इसके बाद पुलिस ने तत्काल फोन कॉल पर एक्शन लिया और 10 मिनट के अंदर ही मौके पर पहुँच गई। पुलिसकर्मियों ने अपनी सूझ-बूझ से पहले बगल में रखे सिलेंडर से दरवाजे को कमजोर कर दिया और फिर लातों से मार-मारकर दरवाजा तोड़ दिया। पुलिसकर्मी अंदर गए तो खून से लतपत युवक बेड के बगल में मूर्छित पड़ा हुआ था। चारो तरफ खून ही खून पड़ा था।
अगर थोड़ी देर और होती तो...
इसके बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि युवक का काफी खून बह गया है। अगर थोड़ी देर और होती तो जान भी जा सकती थी। पुलिस की त्वरित कार्यवाही से एक शख्स की जान बच गई। वहीं इस पूरी घटना की पुलिस ने वीडियोग्राफी भी की थी। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है।
Recommended Video

पुलिस की हो रही सराहना
उधर, युवक की जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों का परिजनों ने धन्यवाद दिया है। परिजनों ने कहा कि पुलिस ने समय पर रिस्पॉन्स किया। सूचना देने के 10 मिनट में आ गई। बिना एक मिनट गवाएं, दरवाजा तोड़ा। समय रहते इलाज मिलने पर बेटे को बचाया जा सका। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस टीम की प्रशंसा की। टीम में थाना प्रभारी आलोक कुमार, SI मांगेराम, SI प्रमोद कुमार और कॉन्स्टेबल कुशलपाल व सचिन धामा थे।












Click it and Unblock the Notifications