जानें कौन हैं Mannu Alagh, जिनके ठिकानों पर आयकर विभाग ने मारा छापा
आगरा, 04 जनवरी: कानपुर के इत्र कारोबारी पीयूष जैन के बाद भी आयकर विभाग कई बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रहा है। आयकर विभाग की टीम ने मंगलवार को आगरा में तीन जूता कारोबारियों के ठिकानों पर छापे मारे। आगरा में कारोबारी मन्नू अलघ, मानसी चंद्रा और विजय आहूजा के ठिकानों पर छापे पड़े हैं। जानिए कौन हैं मन्नू अलघ?

अखिलेश यादव के बचपन के दोस्त हैं मन्नू अलघ
मन्नू उर्फ हर सिमरन अलघ आगरा के शू-एक्सपोर्टर और रियल एस्टेट कारोबारी हैं। अलघ नोवा शूज के एक्सपोर्टर हैं। खबरों के मुताबिक, मन्नू समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बचपन के दोस्त हैं। बताया गया है कि दोनों सैनिक स्कूल में साथ पढे़ हैं। अखिलेश का इनके यहां आना-जाना रहता है। 6 सितंबर को 2021 को मनु अलघ की माता के निधन के बाद अखिलेश यादव उनके घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। जानकार बताते हैं कि मन्नू अलघ सपा के बड़े फाइनेंसर्स में से एक हैं।

मानसी चंद्रा के घर पर भी आईटी की रेड
आयकर विभाग ने आगरा की शू-एक्सपोर्टर मानसी चंद्रा के घर पर भी छापा मारा है। मानसी चंद्रा के ससुर सुरेश चंद्र गुप्ता उर्फ बच्चू बाबू समाजवादी पार्टी के पूर्व एमएलसी रहे हैं। इसके अलावा बच्चू बाबू के पिता उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष रहे हैं। बताया जा रहा है कि मुलायम सिंह यादव के चंद्रा परिवार से परिवार से सीधे संबंध रहे हैं। मानसी चंद्रा मन्नू अलघ की दूर की रिश्तेदार हैं और दोनों बिजनेस पार्टनर भी हैं। मन्नू अलघ और मानसी चंद्रा का मायका एक ही कालोनी में है।

पीयूष जैन के घर से मिले थे 197 करोड़ कैश, 23 किलो सोना
इससे पहले आयकर विभाग ने कन्नौज के इत्र कारोबारी पीयूष जैन के कन्नौज और कानपुर स्थित घर पर छापेमारी की थी। इस दौरान करोड़ों रुपए कैश और किलो सोना चांदी बरामद हुआ था। पीयूष जैन के घर से करीब 197 करोड़ रुपए कैश बरामद हुए थे और 23 किलो सोना मिला है। पीयूष जैन पर कर चोरी का आरोप है और अब उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके बाद आईटी विभाग ने पुष्पराज जैन उर्फ पंपी जैन के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। पुष्पराज जैन समाजवादी पार्टी के एमएलसी हैं।












Click it and Unblock the Notifications