भाई को फंसाने के लिए मरी हुई ताई को मार दी गोली, पुलिस को हुआ शक फिर पोस्टमॉर्टम में हुआ खुलासा
आगरा। यूपी के आगरा में एक परिवार में हुई हत्या का चौंकाने वाला खुलासा हुआ। यहां दो चचेरे भाइयों ने प्रधानी की रंजिश के चलते अपनी मरी हुई ताई को गोली मार दी और लूट-हत्या का मामला बनाकर अपने दुश्मनों को फंसाने की कोशिश की। मृतका के पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने पर सारा मामला साफ हो गया और पुलिस की सख्ती के आगे अपराधियों को सच उगलना पड़ा। पुलिस ने आरोपी चचेरे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना का खुलासा होने के बाद दोनों चचेरे भाई एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे।

जानकारी के मुचाबिक 16 जुलाई की रात बसई जगनेर थाना में हेतसिंह पुत्र ओम प्रकाश ने दीन दयाल और यज्ञदत्त शर्मा समेत 5 से 6 लोगों द्वारा उनके घर पर लूट और ताई कंठो की गोली मारकर हत्या करने की तहरीर दी थी। मौके की जांच के बाद पुलिस को मृतका के आसपास से खून नहीं दिखाई देने पर शक हो रहा था। इसके बाद जब पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिली तो पुलिस का शक यकीन में बदल गया।

मृतिका की मौत गुर्दे फेल होने से दोपहर में हो चुकी थी। पुलिस ने जब चचेरे भाइयों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि जिन दोनों लोगों को उन्होंने नामजद किया था उनसे उनकी रंजिश थी। आरोपी प्रधान हेतसिंह की दीनदयाल शर्मा और यज्ञदत्त शर्मा से प्रधानी को लेकर दुश्मनी थी और उन्हें फंसाने के लिए उन्होंने ऐसा किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications