'मेरे कमरे में आ जाना...', ट्रेनी महिला SI ने लिखा, मैं अनुसूचित जाति से हूं, इंस्पेक्टर कर रहे मेरा शोषण
उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में एक ट्रेनी महिला एसआई ने इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगाया है। महिला एसआई का आरोप है कि इंस्पेक्टर उसका शारीरिक और मानसिक शोषण कर रहे हैं। आगरा पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर एसआई ने इसकी शिकायत भी की है।
मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की जांच कराई गई और आरोप सही पाए जाने पर इंस्पेक्टर दुर्गेश मिश्रा और थाने के एसएसआई को निलंबित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

यह पूरा मामला आगरा जनपद के एत्माउद्दौला थाने का है। थाने के प्रभारी दुर्गेश मिश्रा के खिलाफ थाने में तैनात महिला प्रशिक्षु उपनिरीक्षक द्वारा शिकायत की गई है। महिला द्वारा बताया गया कि उसने मार्च में थाने में आमद कराई थी।
प्रशिक्षु महिला सब इंस्पेक्टर का आरोप है कि थाने में आमद कराने के बाद से ही थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा उसके साथ गलत व्यवहार करते थे। थाना प्रभारी लगातार उसे परेशान करते उसके साथ अश्लील हरकत, मोबाइल पर गंदे गंदे मैसेज भेजते थे।
थाने से बाहर कमरा लेने पर लिख दी रपट
महिला एसआई ने पुलिस कमिश्नर को दिए शिकायती पत्र में लिखा है कि इंस्पेक्टर दुर्गेश कुमार मुझे आए दिन अपने आवास पर बुलाते हैं। वह कहते हैं कि मेरे आवास पर आकर सोया करो। उसके बाद महिला सब इंस्पेक्टर ने जब थाने से बाहर कमरा लेने की बात कही तो इंस्पेक्टर ने उसकी रपट लिखा दी।
इतना ही नहीं इंस्पेक्टर दुर्गेश मिश्रा पर महिला ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा लगातार अपने कमरे पर बुलाया जाता है। उसने कहा कि 20 जून को रात 12:00 बजे इंस्पेक्टर ने फोन करके कहा कि बहुत गर्मी हो रही है मेरे कमरे पर चली आओ यहां मैं एसी लगाया हूं।
मना करने पर इंस्पेक्टर ने बदनाम करने की धमकी तक दे दी। महिला एसआई ने लिखा है कि प्रभारी निरीक्षक मेरा मेरा शारीरिक और मानसिक उत्पीडन करते रहे हैं। जिस कारण मैं बहुत डिप्रेशन में रहती हूँ। मैं अनुसूचित जाति से आती हूं इसे लेकर भी थाना प्रभारी बहुत उल्टा सीधा बोलते हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद डीसीपी सिटी सूरज कुमार ने एसीपी एत्मादपुर से मामले की जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके बाद इंस्पेक्टर दुर्गेश मिश्रा और एसएसआई अमित प्रसाद को निलंबित कर दिया गया, इसके अलावा ट्रेनी महिला दरोगा का तबादला कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications