ट्रिपल मर्डर से दहला आगरा, पति-पत्नी और बेटे को जिंदा जलाया, बंधे मिले हाथ-पैर
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना रविवार की रात की बताई जा रही है, पति-पत्नी और बेटे की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। तीनों के शव जली हुई हालत में कमरे में पड़े मिले। शवों के हाथ-पैर बंधे हुए थे। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और घर में कोहराम मच गया है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।

दूधवाले ने दी जानकारी
मामला एत्माउद्दौला थाना क्षेत्र स्थित गुलाब नगर का है। सोमवार की सुबह छह बजे दूध वाला 55 वर्षीय रामवीर के घर दूध देने आया था। दूध वाले के कई बार आवाज देने पर भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। वहीं, रामवीर का 25 वर्षीय बेटा बबलू सुबह साढ़े पांच बजे अपनी दुकान खोल लेता था, लेकिन आज उसने दुकान भी नहीं खोली। शक होने पर दूधवाले ने मोहल्ले में रहने वाले रामवीर के भाई को जानकारी दी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
दूधवाले की बात सुनकर बबलू की चाची सुमन उसके घर पहुंची। वह कमरे में गईं तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। एक कमरे में मीरा और उसके बेटे बबलू और दूसरे कमरे में रामवीर की जली हुई लाश पड़ी थी। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि मृतकों के हाथ-पैर बंधे हुए थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद मौके पर पहुंच गए।












Click it and Unblock the Notifications