Agra: शौचालय के सेप्टिक टैंक में तैरता मिला अज्ञात युवती का शव, कद काठी से बालिग और हाथ पर लिखा है 'सोनू'
युवती की लाश जिस तरह इस बदबूदार सेप्टिक टैंक में तैरती हुई मिली है, पुलिस ने आशंका जताई है कि इसकी बेरहमी से हत्या कर यहां लाश को ठिकाने लगाया गया है। शव की शिनाख्त तो नहीं हो पाई है लेकिन उसके हाथ पर सोनू लिखा है।

आगरा के शाहगंज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमे एक सरकारी शौचालय के टूटे पड़े सेप्टिक टैंक में एक युवती की सड़ी गली लाश मिली है। जब वहां से गुजर रहे लोगों ने इस लाश को सेप्टिक टैंक में तैरते हुए देखा तो पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद मौके पर भारी संख्या में भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। फ़िलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। वहीं पुलिस ने कानूनी कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

शौचालय के सेप्टिक टैंक में मिला युवती का शव
बता दें कि शाहगंज थाना क्षेत्र के 12 खंबा क्षेत्र के लोगों ने बताया कि कुछ वर्षों पहले यहां पर सरकारी शौचालय हुआ करता था जो अब खत्म हो गया है, लेकिन उसका सेप्टिक टैंक आज भी बना हुआ है। सेप्टिक टैंक जर्जर हो चुका है। इसी सेप्टिक टैंक में शव पड़ा हुआ लोगों को दिखाई दिया। शव कई दिनों पुराना होने के चलते ऊपर तैरने लगा था। शव कई दिनों पुराना था और गंदे पानी में पड़े रहने के चलते फूल गया था। वहीं जब शव को बाहर निकाला तो पता चला कि शव किसी युवती का है।
कद काठी से बालिग, हाथ पर लिखा है सोनू
जानकारी अनुसार युवती कद काठी से बालिग लग रही थी और युवती के हाथ पर सोनू लिखा हुआ था। वहीं जब पुलिस ने शव के बारे में क्षेत्र में जांच पड़ताल की तो युवती क्षेत्र की नहीं निकली। फिलहाल क्षेत्र में युवती के शव मिलने की चर्चा से सनसनी फ़ैल गई है कि आखिर यह युवती कौन थी कहां से आई थी और उसका शव इस सेप्टिक टैंक में कैसे पहुंचा।

Recommended Video

पोस्टमार्टम से पता लगेगा मृत्यु का कारण
इस पूरे मामले में क्षेत्रीय पुलिस तफ्तीश करने में लगी हुई है। युवती का शव मिलने से क्षेत्रीय पुलिस के लिए भी चुनौती खड़ी हो गई है। चूंकि युवती की शिनाख्त भी नहीं हो पाई है इसलिए पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि आखिरकार यह मृतिका कौन थी। इसके साथ क्या हुआ था और उसका शव यहां कैसे पहुंचा। डीसीपी सिटी विकास कुमार का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद ही कुछ पता चल सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications