आगरा में कोविड-19 से एक पत्रकार समेत दो की मौत, संख्या 678 हुई
आगरा। कोरोना वायरस (COVID-19) महामारी का कहर उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को आगरा में कोरोना संक्रमण से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक समाचार पत्र के पत्रकार भी शामिल हैं। बता दें कि दोनों का इलाज आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। जिले में मृतक संख्या बढ़कर 20 हो गई है।

आगरा के जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह और एसएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना उपचार के नोडल अधिकारी डॉ. आशीष गौतम ने दोनों की मौत की पुष्टि की है। नोडल अधिकारी डॉ. आशीष गौतम ने बताया कि बल्केश्वर की महिला को गुर्दे की बीमारी थी। तीन दिन पहले निजी अस्पताल में डायलिसिस हुई थी। वहां से एसएन भेजा गया था। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सांस की बीमारी से जूझ रहे थे वरिष्ठ पत्रकार
वहीं, एसएन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने वरिष्ठ पत्रकार की मृत्यू का कारण उन्हें सांस की बीमारी बताया है। कोरोना होने पर यह और बढ़ गई। सांस लेने में तकलीफ होने लगी। यह इतनी बढ़ी कि वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। गुरुवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। उन्हें पहले क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। तबीयत बिगड़ने पर एसएन मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां आइसोलेशन वार्ड में उनका उपचार चल रहा था। बुधावर को तबीयत काफी बिगड़ गई थी। डॉ. आशीष गौतम ने बताया कि गुरुवार को वेंटिलेटर पर ही उन्होंने आखिरी सांस ली।
संक्रमित की संख्या 678 हुई
इन 2 मौतों से संक्रमण के कारण आगरा में मरने वालों की संख्या 20 तक पहुंच गई है। शहर में गुरुवार को संक्रमण के 11 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही यहां संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 678 हो गई। यहां अब तक 294 संक्रमित मरीज इलाज के बाद ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि अभी 364 लोगों का इलाज चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications