सोशल मीडिया सनसनी बनी Priyanka Mishra की बढ़ी मुश्किलें, अब पुलिस विभाग में जमा करनी पड़ेगी इतनी रकम
आगरा, 14 सितंबर: रिवॉल्वर के साथ पुलिस यूनिफॉर्म में रंगबाजी का वीडियो बनाकर कॉन्स्टेबल प्रियंका मिश्रा सोशल मीडिया पर छा गईं थीं। तो वहीं, अब प्रियंका मिश्रा का इस्तीफा पुलिस विभाग ने मंजूर कर लिया है। हालांकि, प्रियंका मिश्रा की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई है। दरअसल, इस्तीफा मंजूर करने के बाद विभाग की ओर से प्रियंका मिश्रा को 1.80 लाख रुपए जमा कराने का नोटिस थमा दिया गया है। यह धनराशि उनकी ट्रेनिंग पर सरकार द्वारा खर्च की गई थी। उधर, इस्तीफा मंजूर होने के बाद प्रियंका को मलाल है। तो वहीं, अब प्रियंका ने सिविल की तैयारी कर या माडलिंग में आगे बढ़ने का लक्ष्य बनाया है।

प्रियंका मिश्रा को है एक्टिंग का शौक
प्रियंका मिश्रा को एक्टिंग का शौक है अपने इसी शौक को पूरा करने के लिए वो वीडियो बनाती है। पुलिस विभाग में भर्ती होने से पहले ही प्रियंका मिश्रा ने इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था और उस पर वीडियो डालती थी। बता दें, प्रियंका मिश्रा ने पुलिस विभाग में जॉइनिंग के बाद भी अपने वीडियो बनाना जारी रखा। प्रियंका ने वर्दी में ओर बिना वर्दी कई वीडियो बनाए है। लेकिन, वो रिवॉल्वर के साथ पुलिस यूनिफॉर्म में रंगबाजी का वीडियो बनाने के बाद सुर्खियों में आ गई। हालांकि, इस वीडियो में वो लिप्सिंग करती नजर आ रही थीं।

प्रियंका मिश्रा को इस्तीफा मंजूर होने का है मलाल
हालांकि, वायरल वीडियो का संज्ञान लेते आगरा के एसएसपी मुनिराज दी ने प्रियंका को लाइन हाजिर कर दिया था। लेकिन जनता प्रियंका के वीडियो पर उन्हें नेगेटिव कमेंट्स करने लगी। प्रियंका मिश्रा ने कहा कि वो ट्रोलिंग और नेगेटिव कमेंट्स से परेशान होकर डिप्रेशन में आ गई थी और इसलिए वीआरएस (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति) के लिए 31 अगस्त को अप्लाई कर दिया था। जिसे पुलिस ने मंजूर कर लिया है। हालांकि, इस्तीफा मंजूर होने के बाद प्रियंका मिश्रा को अब मलाल हो रहा है। साथी पुलिसकर्मियों की मानें तो प्रियंका ने कहा कि अगर, उन्हें कोई समझाता तो वो इस्तीफा वापस ले लेतीं।

पुलिस विभाग में जमा करने होंगे 1.80 लाख रुपए
इस्तीफा मंजूर होने के साथ ही प्रियंका मिश्रा को पुलिस विभाग की ओर से एक नोटिस दिया गया है। नोटिस के मुताबिक, प्रियंका मिश्रा को 1.80 लाख रुपए पुलिस विभाग में जमा करने होंगे। 1.52 लाख रुपए सरकार ने उनकी ट्रेनिंग पर खर्च किए थे। शेष रकम अन्य देय से संबंधित है। इस संबंध में एसएसपी मुनिराज जी ने बताया
प्रियंका मिश्रा की नौकरी को 20 साल नहीं हुए थे। उनकी उम्र भी अधिक नहीं है। पुलिस नियमावाली के अनुसार उनका इस्तीफा स्वैच्छिक सेवनिवृत्ति की श्रेणी में नहीं आता। ऐसी स्थिति में कर्मचारी से ट्रेनिंग का खर्चा वसूला जाता है। प्रियंका ने सरकारी रिकार्ड के अनुसार उनकी 225 दिन तक ट्रेनिंग की थी। प्रतिमाह 20280 रुपए खर्च हुए थे। ट्रेनिंग में खर्च हुए 1.52 लाख रुपए सहित उन्हें 1.80 लाख रुपये जमा करने का नोटिस दिया गया है। शेष रकम अन्य देय से संबंधित है।

जल्द वेब सीरीज में आ सकती है नजर
प्रियंका मिश्रा जल्द किसी वेब सीरीज में भी नजर आ सकती है। दरअसल, प्रियंका मिश्रा को वेब सीरीज का ऑफर मिला है। अमर उजाला की खबर के मुताबिक, प्रियंका ने कहा कि एक वेब सीरीज से ऑफर भी आया है। हालांकि उन्होंने अभी इस ऑफर को स्वीकार या अस्वीकार नहीं किया है। सोच समझकर निर्णय लेंगी। वेबसीरीज कौन सी है और किसने ऑफर दिया, इस बारे में उन्होंने कुछ भी बताने से मना कर दिया।

प्रियंका मिश्रा के लगातार बढ़ रहे फॉलोअर
रंगबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद से प्रियंका मिश्रा के इंस्टाग्राम पर लगातार फॉलोअर बढ रहे हैं। बता दें, जिसमें उन्होंने यह वीडियो पोस्ट किया था उस समय उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 13 सौ फॉलोअर थे, लेकिन अब 44 हजार फॉलोअर हो चुके है।












Click it and Unblock the Notifications