उत्तराखंड में भारी बारिश, मंदाकिनी में बहे SDM अब तक लापता
देहरादून। उत्तराखंड में भारी बारिश ने एकबार फिर से तबाही मचानी शुरु कर दी है। उत्तराखंड में लगभग सभी स्थानों पर रूक-रूक कर भारी बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान 91.8 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राज्य की सभी प्रमुख नदियों, गंगा, यमुना, सरयू, काली, गोरी और गौला उफान पर आ चुकी है। मौसम विभाग ने अभी बारिश जारी रहने की संभावना जताये जाने के मददेजनजर सभी जिलों में प्रशासन को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किया है।
वहीं केदारनाथ के पास एक हादसे में राहत डयूटी में तैनात उपजिलाधिकारी मंदाकिनी नदी में बह गए। मंदाकिनी में बहे एसडीएम अजय अरोड़ा का अभी तक कुछ पता नहीं लग पाया है। उन्हें ढूंढने के लिए उत्तरकाशी से गौरीकुंड तक चौपर से रेकी की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस और एनडीआरएफ के जवानों देर शाम तक नदी किनारे उन्हें तलाशते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली।

उत्तराखंड में मची तबाही के वक्त अल्मोड़ा के एसडीएम अजय अरोड़ा गुप्तकाशी में तैनात थे और बुधवार को वो चॉपर से केदारनाथ पहुंचे थे। सुपरविजन के लिए केदारनाथ गए थे अल्मोड़ा के एसडीएम अजय अरोड़ा दोपहर तकरीबन 3.20 बजे अपने साथियों के साथ केदारनाथ मंदिर से कैंप की तरफ लौट रहे थे। कैंप और मंदिर के बीच में मंदाकिनी नदी को पार करने के लिए तख्ता बांधकर अस्थायी पुल का निर्माण किया गया है।
पुल पार करते हुए उनका पांव फिसल गया और वे नदी में जा गिरे। उनके साथ चल रहे लोगों ने मदद की कोशिश की, लेकिन नदी की तेज धार के कारण वो धारा में बह गए। हादसे के बाद से उनकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहे है, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं पाया है। रूद्रप्रयाग की जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैन्तुरा ने बताया कि नेशनल डिसास्टर रिलीफ फोर्स और पुलिस के जवान उनकी खोजबीन में लगे हैं। वहीं मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने अरोड़ा के नदी में गिरने की घटना को दुखद बताते हुए उनके परिजनों से धैर्य बनाये रखने की अपेक्षा की है और कहा है कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में उनके साथ है।












Click it and Unblock the Notifications