बीजेपी के टिकट पर हरिद्वार से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे बाबा रामदेव!
नयी दिल्ली (ब्यूरो) अनुलोम-विलोम का समीकरण समझाने वाले योग गुरु बाबा रामदेव राजनीति के अखाड़े में उतरने की तैयारी में हैं। ये खबर बहुत चौकाने वाली नहीं है क्योंकि बहुत समय पहले ही बाबा रामदेव ने अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया था। चौकाने वाली खबर ये है कि राजनीति में आने के लिये बाबा रामदेव भारतीय जनता पार्टी का सहारा लेने वाले हैं। जी हां बाबा रामदेव अपने शिष्यों को भाजपा के बैनर तले लोकसभा की सियासी जंग में उतारने की सोच रहे हैं।
हालांकि भारतीय जनता पार्टी चाहती है कि बाबा खुद हरिद्वार से चुनाव लड़ें। मालूम हो कि आजकल बाबा रामदेव नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की राग अलाप रहे हैं और पूरी तरह उनके समर्थन में कूद गये हैं। बाबा रामदेव और भाजपा की दोस्ती ऐसी हो गई है कि बाबा हर वक्त नमो-नमो का राग अलापते सुने और देखे जा रहे हैं। इसी क्रम में संकेत मिले हैं कि बाबा रामदेव आगामी लोकसभा चुनाव में उतर सकते हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बाबा रामदेव चाहते हैं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उनके 5 शिष्यों को भाजपा टिकट दे। खासतौर पर रामदेव के करीबी व आर्य समाज से जुड़े स्वामी ओमवेश ने तो बिजनौर से तैयारी भी शुरू कर दी है। वे लोकदल से विधायक रह चुके हैं।

इसके अलावा बाबा रामदेव मुजफ्फरनगर और सहारनपुर समेट जाट बाहुल्य वाले जिलों में कम से कम पांच सीटें चाहते हैं। हरिद्वार स्थित अपने पतंजलि योगपीठ से बाबा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों खासतौर पर जाट बिरादरी के बीच अपने योग केंद्र व उत्पादों से जुड़े नेटवर्क के जरिये राजनीतिक जनाधार भी बनाने में कामयाब हो चुके हैं। वहीं दूसरी तरफ भाजपा बाबा रामदेव और कांग्रेस के बिगड़े रिश्तों को पूरा लाभ लेना चाहती है। कभी राजनीति पार्टी बनाने का ऐलान कर चुके रामदेव ने भले ही यह इरादा टाल दिया हो, लेकिन राजनीतिक अखाड़े में कूदने की उनकी महत्वाकांक्षा कायम है। बाबा की इसी महत्वाकांक्षा को देख भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में उन्हें भी हरिद्वार से मैदान में उतार सकती है। यदि ऐसा हुआ तो वे केंद्रीय जल संसाधन मंत्री हरीश रावत के खिलाफ ताल ठोकते मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications