दुनिया के सबसे उम्रदराज व्यक्ति का क्योटो में निधन
ओसाका (जापान)। दुनिया के सबसे उम्रदराज व्यक्ति जिरोएमोन किमुरा का जापान के क्योटो प्रांत में बुधवार तड़के 116 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी। सन् 1897 में जन्में जिरोएमोन किमुरा ने क्योटांगो सिटी के नगरपालिका अस्पताल में बुधवार तड़के स्थानीय समय के अनुसार 2.08 बजे आखिरी सांस ली। वह निमोनिया से पीड़ित थे और मई महीने से अस्पताल में भर्ती थे।
क्योटांगों के मेयर यासुशी नाकामुरा ने किमुरा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक बयान में कहा कि किमुरा शहर की अमूल्य विरासत थे और रहेंगे। सबसे पहले 17 दिसम्बर 2012 को गिनीज वर्ल्ड बुक में किमुरा का नाम दुनिया के सबसे उम्रदराज व्यक्ति के रूप में दर्ज किया गया था और उसके एक सप्ताह बाद ही वह 115 साल और 253 दिन की उम्र तक जीने वाले पहले व्यक्ति बन गए। अप्रैल 2013 में किमुरा ने अपना 116वां जन्मदिन मनाया था।

किमुरा अपने पीछे सात बेटे-बेटियां, 14 पोते-पोतियां और 25 परपोते-परपोतियां और 15 परपोते-परपोतियां छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा। किमुरा के बाद जापान के ओसाका शहर के मिसाओ ओकावा दुनिया के सबसे उम्रदराज व्यक्ति बन गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications